शहडोल। सेवा संकल्प अभियान के प्रथम दिन गुरुवार को पूरा जिला करीब चार लाख आशीर्वाद के दीयों से जगमगा उठा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में गांव, शहर, हितग्राहियों के घरों और प्रमुख स्थलों पर एक साथ दीप प्रज्ज्वलित किए गए। जिले की 390 ग्राम पंचायतों में 500-500 दीये जलाए गए। नगर पालिका के प्रत्येक वार्ड में 500 तथा नगर परिषद के वार्डों में 250-250 दीयों से दीपोत्सव मनाया गया। विभिन्न शासकीय योजनाओं से लाभान्वित एक लाख से अधिक हितग्राहियों के आवास भी दीपों से रोशन हुए। गौशालाओं, सांदीपनि विद्यालयों, धार्मिक एवं ऐतिहासिक स्थलों तथा जनजातीय कार्य विभाग के आवासीय विद्यालयों में भी आशीर्वाद का दीया कार्यक्रम आयोजित हुआ। जिले के तीनों विधानसभा क्षेत्रों में चिन्हित 10 महत्वपूर्ण परिसरों में विशेष आयोजन किए गए। कार्यक्रम में जयसिंहनगर विधायक श्रीमती मनीषा सिंह, जैतपुर विधायक जयसिंह मरावी, ब्यौहारी विधायक शरद कोल, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती प्रभा मिश्रा सहित जनपद पंचायतों एवं नगरीय निकायों के अध्यक्ष-सदस्यों और अन्य जनप्रतिनिधियों ने सहभागिता की। दीयों की रोशनी के बीच ग्रामीण और नगरीय क्षेत्रों में सेवा, जनभागीदारी और विकसित भारत के संकल्प का संदेश नजर आया। बड़ी संख्या में नागरिकों ने उत्साह के साथ आयोजन में भागीदारी की।









