कलेक्टर के निरीक्षण में छात्रों की कम उपस्थिति और शैक्षणिक स्तर मिला था बेहद कमजोर
शहडोल। विद्यालय में शिक्षा गुणवत्ता का स्तर न्यून पाए जाने और छात्रों की कम उपस्थिति को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर पार्थ जायसवाल ने जनपद पंचायत सोहागपुर अंतर्गत शासकीय एकीकृत माध्यमिक विद्यालय पटासी के प्रधानाध्यापक एवं माध्यमिक शिक्षक सौरभ कुमार गुप्ता को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। निलंबन आदेश के अनुसार ग्राम पंचायत पटासी में आयोजित मुख्यमंत्री जन विश्वास शिविर के दौरान ग्रामवासियों एवं जनप्रतिनिधियों ने विद्यालय में शिक्षकों के निर्धारित समय पर उपस्थित नहीं होने तथा शिक्षा की गुणवत्ता का स्तर न्यून होने की शिकायत की थी। शिकायत के बाद कलेक्टर ने स्वयं विद्यालय का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान विद्यालय में छात्रों की उपस्थिति कम पाई गई। साथ ही शैक्षणिक गुणवत्ता का स्तर भी अत्यंत न्यून पाया गया। आदेश में उल्लेख किया गया है कि विद्यालय के प्रधानाध्यापक सौरभ कुमार गुप्ता द्वारा विद्यालय के संचालन एवं शैक्षणिक गुणवत्ता में सुधार के लिए आवश्यक प्रयास नहीं किए जा रहे थे। इसे कर्तव्य के प्रति लापरवाही मानते हुए कलेक्टर ने सौरभ कुमार गुप्ता को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। निलंबन अवधि के दौरान उनका मुख्यालय कार्यालय विकासखंड शिक्षा अधिकारी गोहपारू निर्धारित किया गया है। उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ते की पात्रता होगी।









