June 18, 2025 11:12 pm

छत्तीसगढ़ के उत्तरी इलाके में शीतलहर की चेतावनी, 8 डिग्री सेल्सियस तक तापमानगिरने की संभावना

रायपुर: एक जनवरी से उत्तरी छत्तीसगढ़ में कुछ स्थानों पर शीतलहर चल सकती है। अगले पांच दिनों तक मौसम शुष्क रहने की संभावना है। अगले 24 घंटे तक न्यूनतम तापमान में कोई विशेष परिवर्तन नहीं होगा। इसके बाद अगले चार दिनों में न्यूनतम तापमान में धीरे-धीरे छह डिग्री की गिरावट हो सकती है। रविवार को कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम वर्षा दर्ज की गई। सबसे अधिक 20 मिमी वर्षा मनेंद्रगढ़ कोटाडोल में दर्ज की गई। प्रदेश में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 31.2 डिग्री सेल्सियस दुर्ग में दर्ज किया गया। प्रदेश में सबसे कम न्यूनतम तापमान 12.6 डिग्री सेल्सियस बलरामपुर में दर्ज किया गया। सोमवार को रायपुर शहर में आसमान साफ ​​रहेगा। 

अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमश

20 डिग्री सेल्सियस और 18 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। हवा में नमी कम होने की संभावना: दो जनवरी तक प्रदेश के अधिकांश इलाकों में न्यूनतम तापमान में छह से आठ डिग्री सेल्सियस की गिरावट हो सकती है। पश्चिमी विक्षोभ का असर कम होने लगा है, जिससे प्रदेश में फिर से हवा की दिशा बदल रही है। अब उत्तर-पूर्वी हवाओं का असर फिर बढ़ सकता है। वहीं हवा में नमी की मात्रा में कमी आने की संभावना है। अभी हवा में 91 प्रतिशत नमी दर्ज की गई है। 

इन स्थानों पर हुई बारिश

रविवार को कोटाडोल, पौड़ी उपरोड़ा, जनकपुर भरतपुर, प्रतापपुर, कोटा, शंकरगढ़ में 20 मिमी बारिश हुई, मरवाही, बिहारपुर, जांजगीर, बलरामपुर, प्रेमनगर, सामरी, रामचंद्रपुर, सकोला, वाड्रफनगर, बिल्हा, रामानुजनगर, लवन, चांदो, भैयाथान, दरी, कटघोरा, बेलगहना, चलगली-दौराकोचली में 10 मिमी बारिश हुई। यह सिस्टम बना हुआ है: पश्चिमी विक्षोभ चक्रवाती परिसंचरण के रूप में उत्तर-पश्चिमी उत्तर प्रदेश के ऊपर औसत समुद्र तल से 3.1 किमी ऊपर बना हुआ है। ऊपरी क्षोभमंडलीय पश्चिमी हवाओं में एक द्रोणिका रेखा बनी हुई है और इसकी अक्ष रेखा समुद्र तल से 6.8 किमी ऊपर उत्तर में बनी हुई है। 

पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी थमी

पहाड़ी राज्यों जम्मू-कश्मीर, हिमाचल और उत्तराखंड में रविवार को बर्फबारी और बारिश से थोड़ी राहत मिली। इस बीच, सरकारी मशीनरी ने हालात सामान्य करने के लिए काम तेज कर दिया है। हालांकि, पहाड़ों से आ रही सर्द हवाओं के कारण मैदानी इलाकों में ठंड बढ़ गई है। राजधानी दिल्ली समेत उत्तर भारत के कई राज्यों में ठंड का असर दिख रहा है। मौसम विभाग ने नए साल पर मैदानी इलाकों में ठंड के साथ ही घना कोहरा छाए रहने की संभावना जताई है। मौसम विभाग के मुताबिक, अगले तीन दिनों में दिल्ली में न्यूनतम तापमान में पांच से छह डिग्री सेल्सियस की गिरावट आने का अनुमान है।

Khabar 30 Din
Author: Khabar 30 Din

Leave a Comment

Advertisement