March 20, 2026 7:46 pm

रात के बाद दिन का पारा भी लुढक़ा

भोपाल । मप्र में उत्तरी हवाओं की वजह से रात और दिन लगातार ठंडे बने हुए हैं। खासकर पूर्वी हिस्से में दिन का टेम्प्रेचर 4.5 डिग्री तक लुढक़ गया। बुधवार-गुरुवार की रात मंडला पूरे प्रदेश में ठंडा रहा। यहां रात का तापमान 6.5 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। हिल स्टेशन पचमढ़ी में रात का तापमान 7.2 डिग्री, टीकमगढ़ में 7.5 डिग्री, नौगांव में 8.6 डिग्री, मलाजखंड में 9.3 डिग्री और रीवा में 9.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

अगले 2-3 दिन में और बढ़ेगी ठंड
प्रदेश के कई शहरों में गुरूवार को दिन का तापमान गिरा। पचमढ़ी में टेम्प्रेचर 22 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बालाघाट जिले के मलाजखंड में पारा 23.3 डिग्री रहा। इसी तरह सीधी में 24.2 डिग्री, सिवनी में 25 डिग्री, बैतूल-रायसेन में 25.2 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। वहीं उमरिया में 25.7 डिग्री, नरसिंहपुर में 26 डिग्री, सतना में 26.5 डिग्री, धार में 26.7 डिग्री, टीकमगढ़, शिवपुरी, नौगांव, रीवा-दमोह में 27 डिग्री, रतलाम में 27.2 डिग्री, सागर में 27.4 डिग्री, गुना में 27.5 डिग्री रहा। बड़े शहरों की बात करें तो भोपाल में 27.2 डिग्री, इंदौर में 25.9 डिग्री, ग्वालियर में 27.5 डिग्री, उज्जैन में 27 डिग्री और जबलपुर में तापमान 25.8 डिग्री दर्ज किया गया।

बर्फीली हवा की रफ्तार तेज
मौसम वैज्ञानिक प्रमेंद्र कुमार ने बताया नवंबर के आखिरी सप्ताह में दिन-रात के टेम्प्रेचर में गिरावट होने का ट्रेंड है। इस बार भी ऐसा ही मौसम है। पश्चिम-उत्तर भारत में अगले 2 से 3 दिन में वेस्टर्न डिस्टरबेंस (पश्चिमी विक्षोभ) एक्टिव हो सकता है। जिससे बर्फीली हवा की रफ्तार तेज हो जाएगी और एमपी भी इसकी चपेट में आ जाएगा। मौसम वैज्ञानिक कुमार ने बताया कि पश्चिम-उत्तर भारत के ऊपर जेट स्ट्रीट 260 किलोमीटर प्रतिघंटा की रफ्तार से चल रही है। लेकिन इसकी ऊंचाई 12.6 किमी है, इस वजह से प्रदेश में असर कम है। जब हवा नीचे बहेगी तो कड़ाके की ठंड होगी। वेस्टर्न डिस्टरबेंस की वजह से दिसंबर के पहले सप्ताह में ही यह दौर शुरू हो जाएगा। जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और लद्दाख में बर्फबारी हो रही है। इस वजह से जेट स्ट्रीम हवाओं की रफ्तार ज्यादा है।

Khabar 30 Din
Author: Khabar 30 Din

विज्ञापन
Advertisement
error: Content is protected !!