March 20, 2026 12:03 pm

संभल में मंदिर, कुंए के बाद अब लक्ष्मण गंज में मिली रानी की बावड़ी

मिट्टी के ढेर में दबी थी बावड़ी, राजस्व विभाग नक्शे के आधार पर करेगा जांच

संभल। यूपी के संभल में आए दिन नए-नए खुलासे हो रहे हैं। कहीं मंदिर तो कहीं कुएं मिल रहे हैं। इसी बीच अब चंदौसी में राजस्व विभाग ने एक जमीन की खुदाई की तो उसके नीचे एक बावड़ी मिली है। संभल में 46 साल पुराने मंदिर मिलने के बाद डीएम को एक पत्र लिखा था, जिसमें कहा गया था कि लक्ष्मण गंज में पहले बिलारी की रानी की बावड़ी थी। 
इसके बाद डीएम ने जांच के आदेश दिए। शनिवार को राजस्व विभाग से नायब तहसीलदार इलाके के नक्शे के साथ वहां पहुंचे थे। जब इलाके की खुदाई की गई तो जमीन से पुरानी इमारतें निकलनी शुरु हो गई। नायब तहसीलदार ने बताया कि खुदाई में दो मंजिला इमारत दिखाई दे रही है। बावड़ी का कुआं और तालाब भी अभिलेखों में दर्ज है। यहां सुरंग भी निकल सकती है। यह बावड़ी काफी बड़ी दिख रही है, जो मिट्टी के ढेर में दब गई थी। अब मिट्टी हटाकर जांच की जा रही है। आगे भी नक्शे के आधार पर जांच की जाएगी।
उधर, संभल में भारतीय पुरातत्व विभाग (एएसआई) की टीम कल्कि मंदिर पहुंची थी।  टीम ने पांच अलग-अलग लोकेशन का सर्वे किया, जिसमें 19 कुएं और 5 तीर्थ शामिल थे। एएसआई की टीम ने संभल के कल्कि मंदिर में स्थित प्राचीन कृष्ण कूप का सर्वे किया। इसके अलावा मंदिर में जाकर सर्वे किया गया। टीम ने मंदिर के अंदर बने हुए गुंबद का भी फोटो कैप्चर किया। स्थानीय प्रशासन द्वारा सुरक्षा कारणों के चलते यह सर्वे गुपचुप तरीके से कराया गया था। इससे पहले एएसआई टीम संभल के लाडम सराय स्थित मंदिर में एक प्राचीन इमारत से निकले हुए पत्थर का सर्वे करती हुए कैमरे में कैद हुई थी। 

Khabar 30 Din
Author: Khabar 30 Din

विज्ञापन
Advertisement
error: Content is protected !!