March 20, 2026 5:40 pm

महाराष्ट्र में हुआ विभागों का बंटवारा, सीएम फडणवीस ने गृह रखा अपने पास

डिप्टी सीएम शिंदे को शहरी विकास और अजित पवार को वित्त विभाग सौंपा

मुंबई। महाराष्ट्र के सीएम देवेंद्र फडणवीस ने मंत्रिमंडल के सदस्यों को विभागों का आवंटन कर दिया, लेकिन सबसे अहम गृह विभाग अपने पास रखा है। आधिकारिक बयान के मुताबिक फडणवीस ऊर्जा, कानून एवं न्यायपालिका, सामान्य प्रशासन विभाग और सूचना एवं प्रचार विभाग भी संभालेंगे। वहीं उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे को शहरी विकास, आवास और लोक निर्माण विभाग दिया गया है। वहीं अजित पवार को वित्त एवं योजना और राज्य उत्पाद शुल्क विभाग मिला है। 
राज्य विधानमंडल का एक सप्ताह लंबा शीतकालीन सत्र समाप्त होने के बाद विभागों का आवंटन किया गया है। सत्र शुरू होने से पहले 15 दिसंबर को 39 मंत्रियों ने शपथ ली थी जबकि फडणवीस और उनके दो उपमुख्यमंत्रियों ने पांच दिसंबर को शपथ ली थी। बीजेपी के चंद्रशेखर बावनकुले (राजस्व), राधाकृष्ण विखे पाटिल (जल संसाधन-कृष्णा एवं गोदावरी घाटी विकास निगम), चंद्रकांत पाटिल (उच्च एवं तकनीकी शिक्षा, संसदीय मामले), गिरीश महाजन (जल संसाधन- विदर्भ, तापी, कोंकण विकास निगम और आपदा प्रबंधन), गणेश नाइक (वन), मंगल प्रभात लोढ़ा (कौशल विकास, रोजगार, उद्यमिता और नवाचार), जयकुमार रावल (विपणन और प्रोटोकॉल), पंकजा मुंडे (पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन, पशुपालन) अतुल सावे (ओबीसी कल्याण, डेयरी विकास और नवीकरणीय ऊर्जा) विभाग आवंटित किए गए हैं। 
बीजेपी के अन्य मंत्री जिन्हें विभाग आवंटित हुए हैं उनमें अशोक उइके (आदिवासी विकास), आशीष शेलार (सांस्कृतिक कार्य एवं सूचना प्रौद्योगिकी), शिवेंद्र सिंह भोसले (लोक निर्माण विभाग) शामिल है। जयकुमार गोरे को ग्रामीण विकास और पंचायती राज, संजय सावकारे को कपड़ा, नितेश राणे को मत्स्य पालन और बंदरगाह, आकाश फुंडकर को श्रम विभाग दिया गया है। 
शिवसेना के मंत्रियों में गुलाबराव पाटिल (जल आपूर्ति एवं स्वच्छता), दादाजी भूसे (स्कूल शिक्षा), संजय राठौड़ (मृदा एवं जल संरक्षण), उदय सामंत (उद्योग एवं मराठी भाषा), शंभुराज देसाई (पर्यटन, खनन, भूतपूर्व सैनिक कल्याण), संजय शिरसाट (सामाजिक न्याय), प्रताप सरनाईक (परिवहन), भारत गोगावले (रोजगार गारंटी, बागवानी, खारी भूमि विकास), प्रकाश अबितकर (लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण) शामिल हैं। 
वहीं एनसीपी के मंत्रियों में हसन मुश्रीफ (चिकित्सा शिक्षा), धनंजय मुंडे (खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण), दत्तात्रेय भरणे (खेल, युवा कल्याण एवं अल्पसंख्यक विकास एवं औकाफ), अदिति तटकरे (महिला एवं बाल विकास), माणिकराव कोकाटे (कृषि) शामिल हैं। नरहरि जिरवाल को खाद्य एवं औषधि प्रशासन, विशेष सहायता दी गई है। मकरंद पाटिल को राहत और पुनर्वास दिया गया है, जबकि बाबासाहेब पाटिल को राहत एवं पुनर्वास आवंटित किया गया है। 
राज्य मंत्रियों में शिवसेना के आशीष जायसवाल को वित्त और योजना, कृषि, राहत और पुनर्वास, कानून एवं न्यायपालिका तथा श्रम दिया गया है। बीजेपी की माधुरी मिसाल को शहरी विकास, परिवहन, सामाजिक न्याय, चिकित्सा शिक्षा, अल्पसंख्यक विकास और औकाफ दिया गया है। बीजेपी के ही पंकज भोयर को गृह (ग्रामीण), आवास, स्कूल शिक्षा, सहकारिता और खनन विभाग मिला है। बीजेपी की मेघना बोर्डिकर को लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, जल आपूर्ति एवं स्वच्छता, ऊर्जा, महिला एवं बाल विकास, लोक निर्माण (सार्वजनिक उद्यम) विभाग मिला है।

Khabar 30 Din
Author: Khabar 30 Din

विज्ञापन
Advertisement
error: Content is protected !!