छत्तीसगढ़ में ठंड ने दस्तक दे दी है। कई इलाकों में दिन में भी ठंडक बढ़ गई है। मौसम विभाग ने ठंड को लेकर अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के अनुसार, ठंडी हवाओं के कारण तापमान में गिरावट शुरू हो गई है जिस कारण से कड़ाके की ठंड का दौर शुरू हो गया है।
पेंड्रा इलाके में इस सीजन में पहली बार न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। वहीं, ग्रामीण इलाकों में लोगों ने अलाव जलाना शुरू कर दिया है।
विभाग ने जारी किया अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार सर्द हवाओं के कारण ठंड और ठिठुरन बढ़ गई है। कई जिलों में कोहरे के कारण विजिबिलिटी भी काफी कम हो गई है। विभाग ने अलर्ट जारी करते हुए कहा कि आने वाले दो दिनों में पूरे प्रदेश के तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी। अगले दो दिनों में प्रदेशभर में न्यूनतम तापमान 1 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है।
सरगुजा में शीत लहर का अलर्ट
मौसम विभाग के अनुसार, 10 नवंबर को सरगुजा संभाग के कुछ स्थानों में शीत लहर की संभावना है। सरगुजा इलाके में कड़ाके की ठंड का दौर शुरू हो गया है। वहीं, राजधानी रायपुर में भी ठंड ने अपने तेवर दिखाने शुरू कर दिया है। हालांकि रायपुर में अभी दिन में ठंड का एहसास नहीं हो रहा है। सुबह और शाम को हल्की ठंड का एहसास राजधानी रायपुर में हो रहा है। हालांकि यहां भी लोगों ने गर्म कपड़े पहनना शुरू कर दिया है।
मौसम शुष्क रहने की संभावना
मौसम विभाग ने बताया कि प्रदेश में कोई नया सिस्टम एक्टिव नहीं है। आने वाले दिनों में प्रदेश का मौसम शुष्क ही बना रहेगा। जिस कारण से ठंड और अधिक अधिक बढ़ेगी। वहीं, बस्तर इलाके में भी ठंड ने अपने तेवर दिखाने शुरू कर दिया है। बस्तर इलाके में भी ठंड पड़ने लगी है। यहां भी लोगों ने अलाव का सहारा लेना शुरू कर दिया है। मौसम विभाग के अनुसार, इस बार प्रदेश में कड़ाके की ठंड पड़ने की संभावना है।
कैसा है रायपुर का मौसम
राजधानी रायपुर में रविवार को सुबह से धूप खिली हुई है। हालांकि हवाओं में ठंडक महसूस हो रही है। दिन और रात के तापमान में फर्क दिखाई देने लगा है। सुबह और शाम को ठंडक पड़नी शुरू हो गई है।







