प्रतीक मिश्रा
शहडोल। प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा घोषित ब्लॉक अध्यक्षों की सूची में शहडोल जिले के बुढ़ार ब्लॉक के लिए अंकित सिंह की नियुक्ति ने राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज कर दी है। युवा चेहरे को जिम्मेदारी सौंपे जाने से कांग्रेस संगठन में नई ऊर्जा का संचार माना जा रहा है। घोषणा के बाद से ही स्थानीय कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिला। कांग्रेस के प्रति लंबे समय से समर्पित रहे अंकित सिंह ने छात्र राजनीति से अपने सफर की शुरुआत की थी। बीते करीब दो दशकों में उन्होंने संगठन के विभिन्न दायित्वों का निर्वहन करते हुए जमीनी स्तर पर अपनी मजबूत पकड़ बनाई है। एनएसयूआई से लेकर युवा कांग्रेस और जिला कांग्रेस कमेटी तक उन्होंने हर मंच पर सक्रिय भूमिका निभाई। जनहित के मुद्दों को लेकर आंदोलनों में भागीदारी और सरकार की नीतियों के खिलाफ मुखर रुख के कारण अंकित सिंह को एक सक्रिय और संघर्षशील नेता के रूप में जाना जाता है। उनकी नियुक्ति पर जिला कांग्रेस अध्यक्ष अजय अवस्थी सहित वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं ने बधाई देते हुए उम्मीद जताई है कि उनके नेतृत्व में बुढ़ार ब्लॉक कांग्रेस संगठन और अधिक मजबूत होगा तथा युवाओं की भागीदारी बढ़ेगी।







