February 1, 2026 6:47 pm

ब्यौहारी में अवैध खनिज वाहनों पर प्रशासन की बड़ी कार्रवाई, दबाव के बाद भी नहीं झुका प्रशासन

शहडोल। जिले के ब्यौहारी में अवैध खनिज परिवहन के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। कलेक्टर डॉ. केदार सिंह के निर्देश पर नायब तहसीलदार शनि द्विवेदी के नेतृत्व में तहसील कार्यालय के सामने चेकिंग अभियान चलाया गया, जिसमें बिना ट्रांजिट परमिट (टीपी) खनिज परिवहन करते कई वाहनों को जप्त किया गया। चेकिंग के दौरान एक ट्रैक्टर बोल्डर का परिवहन करते हुए पकड़ा गया, जो बिना टीपी चल रहा था। बताया जा रहा है कि यह ट्रैक्टर ब्यौहारी थाना क्षेत्र अंतर्गत डायल 112 में पदस्थ चालक भानु प्रताप का है। ट्रैक्टर जप्त होने के बाद उसे छुड़वाने के लिए सिफारिशें की गईं, लेकिन नायब तहसीलदार ने किसी भी दबाव को दरकिनार करते हुए नियमानुसार कार्रवाई की। इस कार्रवाई से यह स्पष्ट संदेश गया कि कानून के सामने सभी समान हैं।

रेत, गिट्टी और डस्ट के वाहन जप्त

प्रशासन से मिली जानकारी के अनुसार, बिना टीपी रेत के अवैध परिवहन में 4 हाइवा और 1 डंपर जप्त किया गया। वहीं गिट्टी के अवैध परिवहन पर 2 हाइवा, बोल्डर परिवहन करते एक ट्रैक्टर तथा डस्ट का अवैध परिवहन करते अन्य वाहन जप्त किए गए।

ये वाहन हुए जप्त

जप्त किए गए वाहनों में एमपी 18 जीए 4065, एमपी 18 एच 5145, डब्लूबी 39 बी 9283, हाइवा एमपी 18 एच 4918, एमपी 17 जेडबी 9865, यूपी 93 एटी 9435, एमपी 17 एचएच 4020 सहित अन्य वाहन शामिल हैं।

आगे भी जारी रहेगी सख्ती

प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध खनन, उत्खनन एवं खनिज परिवहन के खिलाफ आगे भी लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। इस कार्रवाई के बाद अवैध खनिज कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मचा हुआ है।

विज्ञापन
Advertisement
error: Content is protected !!