जल संचयन, सीएम हेल्पलाइन और विकास परियोजनाओं की ली जानकारी
शहडोल। अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत मुद्रिका सिंह ने ग्राम पंचायत भानपुर एवं कठौतिया का भ्रमण कर वहां किए जा रहे जल संचयन एवं अन्य विकास कार्यों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने पंचायतों में चल रही योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की तथा संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।निरीक्षण के समय अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने संबंधित पंचायत सचिवों से सीएम हेल्पलाइन में दर्ज शिकायतों के निराकरण की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने शिकायतकर्ताओं से सीधे संपर्क कर उन्हें गलत अथवा निराधार शिकायत दर्ज नहीं करने की समझाइश दी। साथ ही निर्देश दिए कि पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग द्वारा संचालित सभी योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र हितग्राही तक अनिवार्य रूप से पहुंचाया जाए। उन्होंने सीएम हेल्पलाइन में लंबित प्रकरणों के शीघ्र निराकरण, प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत निर्माणाधीन आवासों की स्थिति सहित अन्य विकास कार्यों की भी जानकारी ली और कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए। इस दौरान ग्राम पंचायत कठौतिया स्थित अमृत सरोवर तालाब का भी निरीक्षण किया गया। निरीक्षण में बताया गया कि अमृत सरोवर तालाब के माध्यम से किसानों द्वारा लगभग 20 एकड़ से अधिक कृषि भूमि की सिंचाई की जा रही है। अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी ने ग्रामीणों एवं किसानों को मत्स्य पालन तथा सिंघाड़ा उत्पादन के लिए प्रोत्साहित करते हुए अतिरिक्त आय अर्जित करने की समझाइश दी।भ्रमण के दौरान उन्होंने गांव के नन्हे-मुन्ने विद्यार्थियों से भी संवाद किया और विद्यालय में उपलब्ध सुविधाओं के संबंध में जानकारी प्राप्त की। विद्यार्थियों को नियमित रूप से विद्यालय जाने और मन लगाकर अध्ययन करने के लिए प्रेरित करते हुए उन्होंने शिक्षा के महत्व पर जोर दिया।








