
सूचना तंत्र मजबूत हो तो गिरफ्त में आ सकते हैं कई बड़े तस्कर
शहडोल। शहर में नशीले इंजेक्शनों के बढ़ते अवैध कारोबार को लेकर पहले से उठ रहे सवालों पर अब एक बड़ी कार्रवाई ने खबर पर मोहर लगा दी है। प्रदेश की राजधानी भोपाल में हनुमानगंज थाना पुलिस द्वारा शहडोल निवासी राहुल मिश्रा निवासी वार्ड क्रमांक 16 बस स्टैंड को 385 नशीले इंजेक्शनों के साथ गिरफ्तार किया जाना इस बात का संकेत है कि शहडोल में संचालित नेटवर्क कहीं बड़े स्तर पर फैला हुआ है। गौरतलब है कि शहर में नशीले इंजेक्शनों के बढ़ते जाल को लेकर पहले ही खबर प्रकाशित की गई थी, जिसमें कोतवाली सहित कई इलाकों में सक्रिय संगठित नेटवर्क की ओर इशारा किया गया था। अब भोपाल में हुई यह गिरफ्तारी साफ तौर पर बताती है कि यह कारोबार स्थानीय तक सीमित नहीं बल्कि अंतरजिला स्तर पर फैला हुआ है। इससे हमारी खबर पर एक बार फिर ठोस मोहर लगी है। स्थानीय स्तर पर लंबे समय से यह अवैध धंधा योजनाबद्ध तरीके से संचालित होने की बात सामने आती रही है। बस स्टैंड और आसपास के क्षेत्रों को इसका प्रमुख केंद्र माना जा रहा है, जहां से सप्लाई चेन संचालित होती है। युवाओं तक इन नशीले इंजेक्शनों की आसान पहुंच ने स्थिति को और गंभीर बना दिया है। अब सवाल यह उठता है कि यदि भोपाल पुलिस की तरह शहडोल पुलिस भी अपना सूचना तंत्र मजबूत कर ठोस कार्रवाई करे तो इस नेटवर्क से जुड़े कई बड़े तस्करों का भंडाफोड़ संभव है। फिलहाल इस कार्रवाई ने यह स्पष्ट कर दिया है कि समस्या वास्तविक है और अब सख्त, सतत और व्यापक कार्रवाई की जरूरत है।








