प्रतीक मिश्रा
शहडोल। रंगमंच के विस्तार एवं नई प्रतिभाओं को मंच प्रदान करने के उद्देश्य से शहडोल में आयोजित बाल सह युवा नाट्य कार्यशाला का समापन 25 अप्रैल 2026 को किया जाएगा। यह समापन सत्र एवं नाट्य प्रस्तुति जनपद पंचायत सभागार सोहागपुर में दोपहर 12 बजे से आयोजित होगी। उल्लेखनीय है कि यह कार्यशाला अप्रैल माह से शासकीय एकीकृत उच्चतर माध्यमिक विद्यालय पिपरिया परिसर में निरंतर संचालित की जा रही है। इसे मध्यप्रदेश नाट्य विद्यालय भोपाल एवं संस्कृति विभाग, मध्यप्रदेश शासन के अंतर्गत आयोजित किया जा रहा है। कार्यशाला में रंगकर्मी लकी चतुर्वेदी द्वारा प्रतिभागी छात्र-छात्राओं को रंगमंच की बारीकियों, अभिनय तकनीक एवं विभिन्न नाट्य गतिविधियों का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। साथ ही बच्चों द्वारा मंचन की तैयारी भी अंतिम चरण में है। विद्यालय के प्राचार्य डॉ. केएम शुक्ला ने बताया कि यह कार्यशाला विद्यार्थियों की प्रतिभा को निखारने एवं उन्हें रंगमंच से जोड़ने का एक महत्वपूर्ण अवसर प्रदान कर रही है। वहीं शिक्षिका आशा पांडे ने कहा कि बच्चों के कला एवं कौशल को एक सशक्त मंच मिल रहा है, जिससे उनका आत्मविश्वास बढ़ रहा है।कार्यशाला के समापन अवसर पर तैयार किए गए नाटक का मंचन किया जाएगा, जिसे देखने के लिए स्थानीय स्तर पर उत्साह का माहौल है। यह आयोजन क्षेत्र में सांस्कृतिक गतिविधियों को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।








