प्रतीक मिश्रा
शहडोल। जिले में बैंकों की सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत और प्रभावी बनाने के लिए पुलिस प्रशासन ने व्यापक अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर शनिवार को जिले के सभी थाना प्रभारियों ने अपने-अपने क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले बैंकों का निरीक्षण किया और सुरक्षा इंतजामों का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान पुलिस अधिकारियों ने बैंक अधिकारियों व कर्मचारियों के साथ बैठक कर सुरक्षा व्यवस्था की गहन समीक्षा की। इस दौरान कर्मचारियों को सतर्कता और जागरूकता बनाए रखने की सलाह दी गई क्योंकि किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर सबसे पहले नजर उन्हीं की होती है। पुलिस ने सख्त निर्देश दिए कि बैंक परिसर में आने वाले हर संदिग्ध व्यक्ति पर विशेष निगरानी रखी जाए। यदि कोई व्यक्ति बिना स्पष्ट कारण के बैंक में मौजूद मिले तो उससे तुरंत पूछताछ की जाए और आवश्यकता पड़ने पर संबंधित थाने या पुलिस कंट्रोल रूम को तत्काल सूचना दी जाए ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।सुरक्षा को लेकर बैंक प्रबंधन को भी जरूरी दिशा-निर्देश दिए गए। इनमें आरबीआई की गाइडलाइन का शत-प्रतिशत पालन सुनिश्चित करना, बैंक में उचित स्थानों पर सायरन और पैनिक अलार्म लगाना और कर्मचारियों को उसका प्रशिक्षण देना शामिल है। साथ ही यह भी कहा गया कि सीसीटीवी कैमरों की ऐसी व्यवस्था हो कि कोई भी हिस्सा कवरेज से बाहर न रहे विशेष रूप से कैश काउंटर और बैंक के बाहरी क्षेत्र। इसके साथ ही बैंक और एटीएम में तैनात सुरक्षा गार्ड अधिकृत एजेंसी के पूर्णतः प्रशिक्षित और हथियारबंद हों, यह सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। सभी निजी सुरक्षा गार्ड और रिकवरी एजेंट्स का पुलिस वेरिफिकेशन कराना भी अनिवार्य बताया गया। पुलिस का मानना है कि इन सख्त उपायों और नियमित निरीक्षण से जिले में बैंकों की सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत होगी तथा किसी भी संभावित आपराधिक गतिविधि पर प्रभावी नियंत्रण किया जा सकेगा।








