सीबीएसई 12वीं बोर्ड के रिजल्ट जब से आए हैं, तब से लेकर अब तक केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) सवालों के घेरे में ही है. कभी ऑन स्क्रीन मार्किंग यानी ओएसएम (OSM) के माध्यम से हुई मूल्यांकन प्रक्रिया पर सवाल उठे तो कभी छात्रों ने आंसर शीट की फोटोकॉपी में से कुछ पेज के गायब होने की भी शिकायत की.
हाल ही में 19 साल के एक लड़के ने सोशल मीडिया पर ये दावा किया था कि उसने OSM पोर्टल को हैक कर लिया था. हालांकि बाद में बोर्ड ने उस पोर्टल को डमी पोर्टल बताया था, लेकिन अब एक बार फिर से सीबीएसई पोर्टल को लेकर सवाल उठने लगे हैं.
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, सरकारी सूत्रों ने बीते शुक्रवार को ये जानकारी दी कि सीबीएसई के पुनर्मूल्यांकन पोर्टल के पेमेंट सिस्टम पर ‘साइबर अटैक’ हुआ था और लगभग 50 छात्रों ने अनधिकृत रूप से पोर्टल तक पहुंच हासिल कर ली थी. एक सूत्र ने बताया, ‘पोर्टल पर लगभग 50 बच्चों ने अनधिकृत पहुंच हासिल कर ली थी. पेमेंट गेटवे एचडीएफसी से संबंधित था’.
68,000 रुपये दिखने लगी थी आवेदन फीस
सूत्रों के मुताबिक, इसी समस्या के कारण सीबीएसई पोर्टल पर आंसर शीट की फोटोकॉपी लेने की आवेदन फीस अलग-अलग दिखने लगी थी. वैसे तो सीबीएसई ने फीस को 700 रुपये से घटाकर 100 रुपये कर दिया था, लेकिन कई मामलों में ये राशि एक रुपये से लेकर लगभग 67,000 से 68,000 रुपये तक घटती-बढ़ती रही. सूत्र ने बताया कि यह मजाक में या दुर्भावनापूर्ण इरादे से किया गया और आवेदन फीस कभी एक रुपये तो कभी 68 हजार रुपये तक दिखाई गई. लगभग 50 छात्र ऐसे थे, जिनके मामलों में आवेदन फीस बदल गई थी.
आवेदन फीस में ये गड़बड़ी सीबीएसई पोर्टल के लाइव होने के समय ही सामने आई. सूत्र ने बताया कि पोर्टल कुछ समय से काम नहीं कर रहा था. 50 बच्चों के पेमेंट से संबंधित कुछ समस्याएं थीं और उन्होंने सिस्टम में हेराफेरी की.
1 जून को खुलेगा री-वैल्यूएशन के लिए आवेदन पोर्टल
पहले ये माना जा रहा था कि सीबीएसई 12वीं की कॉपियों के री-इवैल्यूएशन के लिए आवेदन पोर्टल 29 मई को खुलेगा, लेकिन अब सीबीएसई ने ये स्पष्ट कर दिया है कि आवेदन पोर्टल 1 जून को खुलेगा. सीबीएसई का कहना है कि इसका उद्देश्य मूल्यांकन के उच्चतम मानकों और प्रोटोकॉल को सुनिश्चित करना है. सीबीएसई ने किसी भी तरह की शिकायत और छात्रों की समस्या के निपटारे के लिए स्टूडेंट्स टेली-काउंसलिंग हेल्पलाइन नंबर- 1800 11 8004 भी जारी किया है. इसके अलावा छात्र ईमेल- resultcbse2026@cbseshiksha.in पर भी संपर्क कर सकते हैं.









