पाल समाज के भव्य आयोजन में विधायक मीना सिंह ने की महत्वपूर्ण घोषणाएं
शहडोल/उमरिया। लोकमाता देवी अहिल्याबाई होलकर की 301वीं जयंती के अवसर पर जिला मुख्यालय स्थित सामुदायिक भवन में भव्य समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पाल समाज के लोगों ने बड़ी संख्या में भाग लेकर लोकमाता के आदर्शों को याद किया और उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।

विधायक ने समाज को दी दो बड़ी सौगातें
समारोह की मुख्य अतिथि मानपुर विधानसभा क्षेत्र की विधायक सुश्री मीना सिंह ने अपने संबोधन में समाज और क्षेत्र के विकास के लिए महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। उन्होंने सामुदायिक भवन के उन्नयन एवं सुदृढ़ीकरण के लिए विधायक निधि से 50 लाख रुपये उपलब्ध कराने की घोषणा की। इसके साथ ही शिक्षा को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से पाल समाज की उन छात्राओं को 20-20 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि देने का ऐलान किया जो कक्षा 10वीं और 12वीं की परीक्षा में 85 प्रतिशत या उससे अधिक अंक प्राप्त करेंगी।
संभाग भर से पहुंचे समाजजन
कार्यक्रम में अखिल भारतीय पाल महासभा शहडोल संभाग के अध्यक्ष कमलेंद्र पाल, जिला अध्यक्ष हीरालाल पाल तथा उमरिया जिला अध्यक्ष संतोष पाल सहित संभाग के विभिन्न क्षेत्रों से आए समाजजन उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने लोकमाता अहिल्याबाई होलकर के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर प्रकाश डालते हुए समाज को उनके आदर्शों पर चलने का संदेश दिया।
वरिष्ठजनों और युवाओं की रही सक्रिय भागीदारी
समारोह में समाज के वरिष्ठ नागरिकों, जनप्रतिनिधियों एवं युवाओं की उल्लेखनीय सहभागिता देखने को मिली। शिक्षक रामनरेश पाल, सरपंच शेषमणि पाल सहित अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम में सामाजिक एकता, शिक्षा और समाज उत्थान के विभिन्न विषयों पर भी चर्चा की गई।
अहिल्याबाई के आदर्शों को अपनाने का आह्वान
वक्ताओं ने कहा कि लोकमाता देवी अहिल्याबाई होलकर का जीवन सेवा, सुशासन और जनकल्याण का प्रतीक रहा है। उनके बताए मार्ग पर चलकर समाज शिक्षा, संस्कार और सामाजिक समरसता के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को प्राप्त कर सकता है। समारोह का समापन समाज की प्रगति और एकता के संकल्प के साथ हुआ।









