June 3, 2026 10:49 pm

अकेले रह रहे रिटायर्ड बैंककर्मी बुजुर्ग की हुई संदिग्ध मौत

शरीर पर मिले चोट के निशान, हत्या की आशंका, पुलिस हर पहलू से कर रही जांच

शहडोल। शहर के बलपुरवा बस स्टैंड क्षेत्र में बुधवार सुबह एक रिटायर्ड बैंककर्मी की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आने से इलाके में सनसनी फैल गई। 81 वर्षीय जगदीश प्रसाद मिश्रा का शव उनके घर के एक कमरे में मिला। मृतक घर में अकेले रहते थे। शव की स्थिति और शरीर पर मिले चोट के निशानों को देखते हुए पुलिस हत्या की आशंका के साथ मामले की जांच कर रही है। प्राप्त जानकारी के अनुसार रोजाना की तरह सुबह भोजन बनाने पहुंची महिला ने घर के भीतर प्रवेश किया तो बुजुर्ग को कमरे में मृत अवस्था में पड़ा देखा। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों को सूचना दी गई, जिसके बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस तत्काल घटनास्थल पर पहुंची और जांच शुरू की।

मामले की गंभीरता को देखते हुए एसपी रामजी श्रीवास्तव भी मौके पर पहुंचे तथा घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने फोरेंसिक टीम की मदद से आवश्यक साक्ष्य एकत्रित किए और आसपास के क्षेत्र में पूछताछ शुरू की। स्थानीय लोगों ने बताया कि जगदीश प्रसाद मिश्रा लंबे समय से अकेले निवास कर रहे थे। घटना के बाद क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि घटना के समय घर के आसपास कौन-कौन मौजूद था और मृतक के संपर्क में हाल के दिनों में कौन लोग आए थे। पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है। मृतक के शरीर पर मिले चोट के निशानों के आधार पर हत्या की संभावना से भी इनकार नहीं किया जा सकता। वहीं घर में चोरी या लूटपाट की घटना हुई है अथवा नहीं, इसकी भी बारीकी से जांच की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और वैज्ञानिक जांच के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।

विज्ञापन
Advertisement
error: Content is protected !!