June 7, 2026 11:33 pm

अकेले रहने वाले रिटायर्ड बैंककर्मी की हत्या का पुलिस ने किया खुलासा, दो आरोपी गिरफ्तार

घरेलू काम के बहाने जुटाई जानकारी, फिर रची हत्या और लूट की साजिश

शहडोल। शहर के विवेक नगर में हुए बुजुर्ग की हत्या और लूटकांड का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपियों ने आर्थिक लाभ के लालच में पहले मृतक के घर और दिनचर्या की पूरी जानकारी जुटाई, फिर सुनियोजित तरीके से वारदात को अंजाम दिया।

घर में मिला था बुजुर्ग का शव

कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत वार्ड क्रमांक 16 विवेक नगर में तीन जून को एक मकान में बुजुर्ग जगदीश प्रसाद मिश्रा का शव मिलने से हड़कंप मच गया था। मृतक सेवानिवृत्त बैंक कर्मचारी रहे और अकेले रहते थे। प्रारंभिक जांच में हत्या और लूट की आशंका सामने आने पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की थी।

होटल में काम करने वाले आरोपियों ने बनाया था प्लान

पुलिस ने बताया कि एक होटल में कार्यरत दो कर्मचारियों ने बुजुर्ग की हत्या कर आर्थिक लाभ का प्लान बनाया। गिरफ्तार आरोपियों में देवानंद महरा पुत्र श्रवण महरा उम्र 25 वर्ष निवासी ग्राम कठोतिया और अनुश्री परस्ते पिता नथ्य सिंह परस्ते उम्र 21 वर्ष निवासी ग्राम मालाचुआ शामिल है। बताया गया कि होटल मृतक के घर के सामने स्थित होने के कारण देवानंद का वहां अक्सर आना-जाना था। इसी दौरान उसे पता चला कि बुजुर्ग अकेले रहते हैं और आर्थिक रूप से संपन्न हैं। आरोपियों ने लूट की नीयत से योजना बनाकर अनुश्री को घरेलू कामकाज के बहाने मृतक के घर में काम पर लगवा दिया। इस दौरान घर की गतिविधियों और संपत्ति संबंधी जानकारी जुटाई गई।

2 जून की रात दिया वारदात को अंजाम

जांच में खुलासा हुआ कि दोनों आरोपियों ने 2 जून की रात पूर्व नियोजित योजना के तहत घर में घुसकर बुजुर्ग की हत्या कर दी और लूटपाट की वारदात को अंजाम दिया। घटना के बाद पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और अन्य सुरागों के आधार पर दोनों आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस टीम की सराहना

गिरफ्तारी के बाद दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया गया। इस अंधे कत्ल और लूटकांड के सफल खुलासे में कोतवाली थाना पुलिस और साइबर सेल की टीम की महत्वपूर्ण सराहनीय भूमिका रही।

विज्ञापन
Advertisement
error: Content is protected !!