जबलपुर। शहपुरा स्थित सरकारी अस्पताल में ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर डॉक्टर जोया खान और उनके पति इमरान खान का बॉलीवुड गाने पर ठुमके लगाने वाला वीडियो वायरल हो रहा है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ रत्नेश कुरारिया का कहना है कि हल्का मनोरंजन भी जरूरी है। वायरल वीडियो दिनांक 26 जनवरी 2022 का बताया जा रहा है। सरकारी अस्पताल में गर्भवती महिलाएं भी भर्ती थी। इसी दौरान अस्पताल परिसर के अंदर गक्कड़-भर्ता पार्टी का आयोजन किया गया। इस पार्टी में अस्पताल के कर्मचारी और अधिकारियों के अलावा ब्लॉक मेडिकल ऑफिसर डॉक्टर जोया खान के पति इमरान खान भी शामिल हुए। दोनों ने बॉलीवुड गानों पर जमकर डांस किया।
सीएमएचओ डॉक्टर रत्नेश कुरारिया ने इस बात की पुष्टि की है कि सरकारी अस्पताल परिसर में गणतंत्र दिवस की शाम गक्कड़-भर्ता पार्टी का आयोजन हुआ था। उन्होंने ही बताया कि वायरल वीडियो उस दौरान सांस्कृतिक कार्यक्रम का है। सीएमएचओ का तर्क है कि दो साल से कोविड की ड्यूटी करके डॉक्टर तनाव में आ चुके हैं। इस तरह का हल्का मनोरंजन भी जरूरी है।