उत्तर की बर्फबारी के कारण मध्यप्रदेश में एक बार फिर ठंड ने जोर पकड़ लिया है। पचमढ़ी में सबसे कम तापमान 2.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। बीते चौबीस घंटों में दिन और रात के पारे में जबरदस्त गिरावट दर्ज की गई है। प्रदेश में रात का पारा 10 डिग्री सेल्सियस के नीचे आ गया। मौसम वैज्ञानिक वेद प्रकाश सिंह ने बताया कि अगले दो दिन तक सर्दी इसी तरह बनी रहेगी। वसंत पंचमी पर तेज हवाओं के कारण दिन में भी ठंडक ज्यादा लग रही है। तापमान में बढ़ोतरी 8 फरवरी से हो सकती है।
प्रदेश के अधिकांश इलाकों में पारा 10 डिग्री से नीचे आ गया है। भोपाल और ग्वालियर में पारा 8 से नीचे रहा। इंदौर और जबलपुर में यह साढ़े 9 डिग्री पर अटक गया।
पचमढ़ी के पारे में 8 डिग्री की गिरावट
बीती रात पचमढ़ी में सबसे ज्यादा 8 डिग्री तापमान गिरा। छिंदवाड़ा, जबलपुर, खजुराहो, नौगांव, रीवा, सतना, उमरिया, बैतूल और होशंगाबाद में न्यूनतम तापमान में 4 डिग्री से ज्यादा की गिरावट रही।
कल से नया सिस्टम तैयार होगा
वर्तमान में पश्चिमी विक्षोभ (WD) एक चक्रवातीय गतिविधियों के रूप में एक्टिव है। 6 फरवरी से अगला कमजोर पश्चिमी विक्षोभ (पाकिस्तान से आने वाली हवाएं) सक्रिय हो रहा है। इसके बाद ही तापमान में बढ़ोतरी हो सकती है।
सबसे कम न्यूनतम वाले इलाके
शहर | तापमान |
पचमढ़ी | 2.5 |
मंडला | 5.0 |
खजुराहो | 5.0 |
उमरिया | 5.4 |
सबसे ज्यादा न्यूनतम तापमान वाले शहर
शहर | तापमान |
सिवनी | 12.4 |
नरसिंहपुर | 12.0 |
सीधी | 9.6 |
सागर | 9.6 |
चार प्रमुख शहरों में न्यूनतम तापमान
शहर | तापमान |
ग्वालियर | 7.0 |
भोपाल | 7.7 |
जबलपुर | 9.4 |
इंदौर | 9.9 |