सिवनी में हुई आदिवासियों की हत्या के मामले की जांच SIT करेगी। विशेष जांच टीम में गृह विभाग के अपर मुख्य सचिव राजेश राजौरा, राज्य औद्योगिक सुरक्षा अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक अखेतो सेमा और माध्यमिक शिक्षा मंडल के सचिव श्रीकांत भनोट को शामिल किया गया है। मामले में मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने सिवनी SP को हटाने के निर्देश दिए हैं। कुरई थाने और बादलपार चौकी के स्टाफ को भी हटाने के लिए कहा है। सिवनी जिले की कुरई तहसील के सिमरिया गांव में गोमांस तस्करी के शक में तीन आदिवासियों को लाठियों से जमकर पीटा गया था। इसमें दो की मौत हो गई थी, वहीं एक युवक घायल है। ग्रामीणों ने बजरंग दल से जुड़े लोगों पर हत्या करने का आरोप लगाया था।
ये SIT घटना के कारणों, पुलिस और प्रशासन द्वारा की गई कार्रवाई, ऐसी घटनाओं को रोके जाने के उपायों के संबंध में 10 दिन में रिपोर्ट सौंपेगी। इसके लिए 15 और 16 मई को सिवनी के दौरे पर रहेगी।