August 15, 2026 11:39 am

ग्राम पंचायत चांपा में टूटी पाइपलाइन से बह रहा पानी, नल-जल योजना पर सवाल

शहडोल। जिला मुख्यालय से सटे ग्राम पंचायत चांपा में नल जल योजना के तहत बिछाई गई पाइपलाइन कई स्थानों पर क्षतिग्रस्त हो गई है, जिससे प्रतिदिन सैकड़ों लीटर पेयजल व्यर्थ बह रहा है। पाइपलाइन से तेज रिसाव के कारण पानी सड़क और गलियों में फैल रहा है, जिससे स्थानीय लोगों को आवागमन में भी कठिनाई हो रही है। ग्रामीणों की माने तो यह स्थिति मुख्य रूप से सड़क निर्माण कार्य और पंचायत प्रशासन की लापरवाही के कारण उत्पन्न हुई है। पाइपलाइन क्षतिग्रस्त होने के बावजूद समय पर मरम्मत नहीं की गई, जिससे समस्या लगातार गंभीर होती जा रही है। ग्रामीणों ने कहा कि इस संबंध में पंचायत के जिम्मेदारों को कई बार मौखिक शिकायत की गई लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। घटना का वीडियो गुरुवार दोपहर सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद ग्रामीणों में नाराजगी और बढ़ गई है। लोगों ने कहा कि इस तरह पानी की बर्बादी जारी रही तो भविष्य में पेयजल संकट उत्पन्न हो सकता है। ग्रामीणों ने मांग की है कि क्षतिग्रस्त पाइपलाइन की तत्काल मरम्मत कराई जाए और जल आपूर्ति व्यवस्था को दुरुस्त किया जाए, ताकि नल जल योजना का लाभ वास्तविक रूप से लोगों तक पहुंच सके और पानी की बर्बादी रोकी जा सके।

विज्ञापन
Advertisement
error: Content is protected !!