October 30, 2026 3:34 pm

चक्रवात ‘अर्नब’ का असर कमजोर, नहीं थमा बारिश का दौर: रायपुर में 24 घंटे में 4CM पानी बरसा, आज भी कई जिलों में मौसम खराब रहने की चेतावनी

चक्रवाती तूफान अर्नब का कुछ कमजोर पड़ने लगा है, लेकिन इस बीच भी बारिश का दौर अभी थमा नहीं है. राजधानी रायपुर समेत कई जिलों में लगातार मौसम का मिजाज खराब बना हुआ है और कई हिस्सों में बारिश हो रही है.

रायपुर में बीते 24 घंटों के दौरान 4 सेंटीमीटर तक बारिश दर्ज की गई, जिससे जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है और बच्चों की पढ़ाई पर भी असर पड़ा है. मौसम विभाग ने आज भी दक्षिण छत्तीसगढ़ और दक्षिण ओडिशा के ऊपर दबाव की वजह से कई जिलों में बादल छाए रहने और गरज-चमक के साथ बारिश की चेतावनी जारी की गई है.

चक्रवात से खेत हुए लबालब

चक्रवात अर्नब की वजह से लगातार हो रही बारिश के बाद कई जिलों में किसानों को भारी नुकसान उठाना पड़ा है. जो किसान कुछ दिनों पहले तक पानी की एक-एक बूंद के लिए तरस रहे थे और सूखे की मार झेल रहे थे, आज वही किसान खेतों में लबालब भरे पानी को देखकर खून के आंसू रोने को मजबूर हैं. तेज आंधी-तूफान और मूसलाधार बारिश ने सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के अन्नदाताओं की कमर तोड़कर रख दी है. जिले के खेतों में सोने की तरह चमक रही धान की खड़ी फसल तेज आंधी और तूफान के झोंकों को बर्दाश्त नहीं कर पाई और जमीन पर बिछ गई है. बेमौसम बारिश के कारण खेत तालाब बन चुके हैं और कटी और खड़ी फसलें पानी में पूरी तरह डूब गई हैं.

किसानों का कहना है कि अगर अगले कुछ दिनों तक खेतों से पानी नहीं निकला और धूप नहीं खिली, तो पूरी की पूरी धान की फसल सड़ जाएगी और दाने काले पड़ जाएंगे. मौसम की इस दोहरी मार से बेबस किसान अब सरकार की ओर उम्मीद भरी नजरों से देख रहे हैं. जिले के किसानों ने प्रशासन से मांग की है कि चक्रवात से हुए नुकसान का तुरंत सर्वे कराया जाए, ताकि उन्हें बीमा और राहत राशि मिल सके. 15 नवंबर की खरीदी से ठीक पहले आई इस आपदा ने यह साफ कर दिया है कि इस बार किसानों के लिए अपनी मेहनत का सही मोल पाना एक बड़ी चुनौती होने वाला है.

गौरेला पेंड्रा मरवाही जिले में झमाझम बारिश

चक्रवाती तूफान अर्नब के प्रभाव से गौरेला पेंड्रा मरवाही जिले में लगातार झमाझम बारिश हो रही है, जिससे जनजीवन पर व्यापक असर पड़ा है. लगातार हो रही बारिश से तापमान में भी काफी गिरावट दर्ज की गई है. बे-मौसम बारिश ने खड़ी धान की फसल और पककर तैयार हो चुकी फसलों को भारी नुकसान पहुंचा है. किसान प्रशासन से नुकसान के सर्वेक्षण और मुआवजे की मांग कर रहे हैं. अर्नब तूफान की वजह से जिला प्रशासन ने पूरे जिले में रेड अलर्ट जारी किया हुआ है. आंगनबाड़ी केंद्रों के साथ-साथ स्कूलों में भी एक दिन की छुट्टी घोषित की गई है.

बलरामपुर में तीसरे दिन भी अर्नब चक्रवात का असर जारी

बलरामपुर जिले में तीसरे दिन भी अर्नब चक्रवात का असर जारी है और कई इलाकों में रुक-रुक कर बारिश हो रही है. मौसम के बिगड़े हालात को देखते हुए आज भी स्कूलों की छुट्टी घोषित की गई है. इस बीच अर्नब चक्रवात ने बलरामपुर नगरपालिका प्रशासन की पोल खोल दी है और बेमौसम बरसात के बाद सड़कों पर पानी जमा हो गया है. शहर के मुख्य चौक पर पानी निकासी की व्यवस्था नहीं होने के कारण चौक पर बारिश का पानी जमा हो गया. इसके बाद नगरपालिका प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं.

सूरजपुर आंगनबाड़ी और स्कूल की छुट्टी

सूरजपुर जिले में भी लगातार बारिश का दौर जारी है और मौसम की स्थिति को देखते हुए सभी आंगनबाड़ी केंद्रों सहित स्कूलों में एक और दिन का अवकाश घोषित किया गया है. मौसम विभाग ने अर्नब चक्रवात को लेकर आज भी बारिश की चेतावनी जारी की है, जिसक बाद सूरजपुर कलेक्टर ने छात्र-छात्राओं की सुरक्षा को देखते हुए छुट्टी का आदेश जारी किया है.

रायगढ़ भारी बारिश की आशंका

राजगढ़ जिले में आज भी मौसम बिगड़ा हुआ है और मौसम विभाग ने भारी की आशंका जताई है. चक्रवाती तूफान अर्नब और अतिवृष्टि की आशंका को देखते हुए 30 अक्टूबर को भी स्कूलों में छुट्टी घोषित की गई है. विद्यार्थियों की सुरक्षा और भारी बारिश की संभावना को देखते हुए फैसला लिया गया है. प्राथमिक से लेकर हायर सेकेंडरी तक के सभी स्कूल बंद हैं.

दंतेवाड़ा में अर्नब तूफान का असर धीरे-धीरे हो रहा कम

दंतेवाड़ा में अब धीरे-धीरे अर्नब तूफान का असर होने लगा है और आज सुबह से आसमान साफ है. हल्की धूप के साथ मौसम में बदलाव दिख रहा है. वहीं, अर्नब तूफान के पहुंचने से पहले दंतेवाड़ा, बारसूर, किरंदुल समेत अन्य इलाकों में आसमान का रंग गहरा लाल हुआ था.

Khabar 30 Din
Author: Khabar 30 Din

विज्ञापन
Advertisement
error: Content is protected !!