आप किसी घने जंगल के बीच से गुजर रहे हों और अचानक आपको वहां एक पुरानी ट्रेन खड़ी दिखाई दे जाए. ट्रेन भी ऐसी, जिसके ऊपर पेड़-पौधे उग आए हों, डिब्बों में धूल की मोटी परत जम गई हो और हर तरफ मकड़ी के जाले नजर आ रहे हों.
पहली नजर में शायद आपको यकीन भी न हो कि कभी इन ट्रेनों में लोग सफर करते होंगे. सोशल मीडिया पर एक ऐसा ही वीडियो चर्चा में है, जिसमें एक युवक जंगल के अंदर खड़ी कई पुरानी और लावारिस ट्रेनों को दिखाता नजर आ रहा है. इन ट्रेनों की हालत देखकर ऐसा लगता है, जैसे इन्हें लंबे समय से किसी ने छुआ तक नहीं है. वीडियो में युवक ने ट्रेनों के अंदर और बाहर की कई ऐसी चीजें दिखाईं, जिन्हें देखकर लोग हैरान रह गए.
इस वीडियो को Creepy law नाम के यूट्यूब अकाउंट पर शेयर किया गया है. वीडियो की शुरुआत में युवक बताता है कि वह जंगल के अंदर पुरानी ट्रेनों की तलाश में आया है. कुछ दूर जाने के बाद उसे वहां खड़ी ट्रेनें दिखाई देने लगती हैं. इनमें से कुछ ट्रेनों के इंजन पहले ही वीडियो में दिखाए जा चुके हैं, इसलिए इस बार वह पुराने डिब्बों को करीब से देखने का फैसला करता है. एक ट्रेन के पास पहुंचने पर वह उसका नंबर दिखाता है और फिर उसके अंदर जाने का रास्ता तलाशने लगता है. ट्रेन के दरवाजे बंद होने के कारण उसे अंदर जाना आसान नहीं लगता. इसके बाद वह दूसरे रास्ते से अंदर पहुंचता है. वहां का नजारा देखकर वह खुद भी हैरान रह जाता है.

डिब्बों में धूल की मोटी परत, पंखे और सीटें अब भी मौजूद
ट्रेन के अंदर पहुंचकर युवक कैमरे में वहां का हाल दिखाता है. डिब्बे में जगह-जगह धूल जमी हुई है. सीटों पर मकड़ी के जाले दिखाई देते हैं और कुछ हिस्सों में बारिश का पानी भी जमा नजर आता है. खिड़कियों से अंदर आए पत्ते भी फर्श पर बिखरे पड़े हैं. हैरानी की बात यह है कि डिब्बे के अंदर कई पुराने पंखे और दूसरी चीजें अब भी लगी हुई हैं. हालांकि, लंबे समय तक इस्तेमाल नहीं होने और देखभाल की कमी के कारण उनकी हालत खराब हो चुकी है. युवक बताता है कि यह एक लोकल ट्रेन की तरह है, जिसमें यात्रियों के लिए वॉशरूम जैसी सुविधाएं नहीं थीं.

पेड़-पौधों से ढकी ट्रेन को पहचानना भी मुश्किल
वीडियो में आगे बढ़ने पर युवक को एक ऐसी पुरानी ट्रेन दिखाई देती है, जिसके ऊपर पेड़-पौधे उग आए हैं. हर तरफ फैली हरियाली के बीच ट्रेन का ढांचा मुश्किल से नजर आता है. नीचे की तरफ देखने पर उसके पहिए दिखाई देते हैं, जिससे पता चलता है कि वहां कोई साधारण ढांचा नहीं, बल्कि पुरानी रेलगाड़ी खड़ी है. युवक ट्रेन के पहियों, लोहे के हिस्सों और ब्रेक जैसी चीजों को भी दिखाता है. वह बताता है कि कुछ पहिए पटरी से हटे हुए नजर आ रहे हैं. ट्रेन के कई हिस्सों पर जंग लग चुकी है और उसका रंग भी जगह-जगह से उखड़ रहा है. यह नजारा देखकर अंदाजा लगाया जा सकता है कि लंबे समय तक खुले में पड़े रहने से पुराने लोहे के सामान की हालत किस तरह बिगड़ सकती है.

पुराने इंजन और रेलवे के सामान ने खींचा ध्यान
इस खोज के दौरान शख्स को पुराने जमाने के रेल इंजन जैसे कुछ ढांचे भी दिखाई देते हैं. वह उनके ऊपर बने लोहे के हिस्सों, पहियों और चेन जैसी चीजों को कैमरे में कैद करता है. वीडियो में युवक बताता है कि कुछ उपकरणों का इस्तेमाल रेलवे के कामकाज में किया जाता था. इसके बाद वह एक पुराने डिब्बे के गार्ड केबिन में भी पहुंचता है. वहां उसे पुरानी सीट, पंखे, बल्ब और दूसरे उपकरण दिखाई देते हैं. एक पंखे पर कंपनी का नाम भी लिखा नजर आता है. केबिन के अंदर धूल और जाले जमा हुए हैं. वहां मौजूद पुराना सामान देखकर ऐसा लगता है, जैसे समय के साथ इस जगह की रौनक पूरी तरह खत्म हो गई हो.
ट्रेन की छत पर भी चढ़ा शख्स, दिखे दो इंजन
वीडियो में युवक एक ट्रेन की छत पर चढ़कर भी उसका नजारा दिखाता है. ऊपर से देखने पर ट्रेन काफी लंबी नजर आती है और उसके आसपास पेड़-पौधे फैले हुए हैं. आगे की तरफ दो इंजन जैसे ढांचे दिखाई देते हैं, जिन्हें देखकर वह हैरानी जताता है. हालांकि, ट्रेन की हालत खराब होने और कुछ हिस्सों के कमजोर दिखाई देने के कारण वहां ज्यादा देर रुकना सुरक्षित नहीं था. पुरानी और लावारिस रेलगाड़ियों के पास जाना या उनके ऊपर चढ़ना जोखिम भरा हो सकता है, क्योंकि जंग लगे लोहे, कमजोर ढांचे और अस्थिर पहियों से दुर्घटना का खतरा रहता है.
कई और पुरानी ट्रेनें देखने का दावा
वीडियो के आखिर में युवक बताता है कि वहां कई दूसरी पुरानी ट्रेनें और रेलवे के डिब्बे भी खड़े हैं. वह कुछ और चीजें दिखाने की बात कहते हुए दर्शकों से अगले वीडियो के लिए कमेंट करने को कहता है. इस वीडियो को देखकर लोग हैरान हैं और उनके मन में तरह-तरह के सवाल उठ रहे हैं. कोई पूछ रहा है कि आखिर इतनी घनी जंगल में ये ट्रेनें आईं कैसे, तो कोई लिख रहा है, “इन्हें हटाया क्यों नहीं गया?” इसके अलावा भी कई लोग इस जगह को लेकर अलग-अलग सवाल पूछ रहे हैं.









