छत्तीसगढ़ में आर्थिक अपराधों की जांच को लेकर EOW-ACB ने एक बार फिर बड़ी कार्रवाई की है। शुक्रवार सुबह जांच एजेंसी की अलग-अलग टीमों ने प्रदेशभर में एक साथ दबिश दी। कोल लेवी और CSMCL शराब घोटाला मामले में चल रही जांच के तहत करीब डेढ़ दर्जन ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है।
सुबह होते ही कई ठिकानों पर दी दबिश
मिली जानकारी के मुताबिक, EOW-ACB की टीमें रायपुर, दुर्ग, भिलाई, राजनांदगांव, गरियाबंद और राजिम सहित कई स्थानों पर सुबह-सुबह पहुंचीं और जांच शुरू की। बता दें कि, इस कार्रवाई से संबंधित लोगों में हड़कंप मच गया है।
दुर्ग में भी टीम की दबिश
दुर्ग में EOW और ACB की टीम पद्मनाभपुर पहुंची है, जहां कोल लेवी और शराब घोटाला मामले से जुड़े पहलुओं की जांच की जा रही है। इसके अलावा तालपुरी सहित अन्य स्थानों पर भी टीम के पहुंचने की सूचना है। फिलहाल प्रदेश के अलग-अलग ठिकानों पर जांच और दस्तावेजों की पड़ताल की जा रही है। कार्रवाई पूरी होने के बाद ही छापेमारी से जुड़ी विस्तृत जानकारी सामने आने की संभावना है।
राजनांदगांव में दो ठिकानों पर एक साथ छापेमारी
वहीं राजनांदगांव जिले में शुक्रवार को आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो (EOW) की टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग ठिकानों पर एक साथ छापेमारी की। अचानक हुई इस कार्रवाई से शहर में हलचल मच गई। EOW की टीम चार गाड़ियों में पहुंची और दो अलग-अलग टीमों ने शहर के दो स्थानों पर मोर्चा संभाला। पहली टीम ने लालबाग क्षेत्र के सनसिटी में दबिश दी। दूसरी टीम नए बस स्टैंड के सामने अवना होटल के बाजू स्थित ठिकाने पर पहुंची।
दस्तावेजों की जांच है जारी
दोनों स्थानों पर टीम द्वारा दस्तावेजों की जांच की जा रही है। फिलहाल, छापेमारी किस मामले में की गई है और जांच के दायरे में कौन-कौन लोग हैं। इसकी आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। EOW की इस अचानक कार्रवाई को लेकर शहर में चर्चाओं का बाजार गर्म है।









