March 18, 2026 11:55 pm

कांग्रेस और सपा बोझ हैं, इन्हें स्वीकार नहीं करिए : मुख्यमंत्री योगी

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को उन्नाव के काली मिट्टी स्थित जवाहर नवोदय विद्यालय परिसर में 241.26 करोड़ की 103 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया।

इसके साथ ही सातन पासी के किले के पुनरुद्धार की बात भी कही।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि डबल इंजन की सरकार आपके आशीर्वाद के कारण है। आपका आशीर्वाद प्राप्त हुआ तो अयोध्या में रामलला का मंदिर बना। कांग्रेस और सपा रामलला का मंदिर नहीं बना पाते। जब वे गरीब को राशन, मकान, स्वास्थ्य सुविधा और राम मंदिर का निर्माण कर आस्था को सम्मान नहीं दे सकते तो अपना वोट खराब कर उन्हें बोझ के रूप में क्यों स्वीकार करते हैं। जो बिना भेदभाव कार्य करे, सत्ता में आने का अधिकार उसे ही होना चाहिए।

सीएम योगी ने कहा कि विकसित भारत हमारा संकल्प होना चाहिए। हर नागरिक के लिए पीएम नरेंद्र मोदी ने पंच प्रण की बात की। नागरिक कर्तव्यों का निर्वहन तभी हो पाएगा, जब व्यक्ति संविधान पर विश्वास करेगा, जब उसके लिए देश सर्वोपरि हो। हम सभी का लक्ष्य देश प्रथम होना चाहिए। इस लक्ष्य के साथ काम करने पर देश आगे बढ़ता है। भारत का पहले दुनिया में सम्मान नहीं था, लोग टिप्पणी करते थे, लेकिन 10 वर्ष में भारत पीएम मोदी के नेतृत्व में विकास की नित नई बुलंदियों को छूता दिख रहा है। भारत आज नेतृत्वकर्ता के रूप में दिखाई दे रहा है।

सीएम ने कहा कि उन्नाव साहित्यकारों, क्रांतिकारियों की भूमि है। अमर शहीद चंद्रशेखर आजाद ने इसी धरती से देश की आजादी का बिगुल फूंका था। यह प्रताप नारायण मिश्र, महाकवि सूर्यकांत त्रिपाठी ‘निराला’, गया प्रसाद शुक्ल, आचार्य नंददुलारे वाजपेयी, शिवमंगल सिंह सुमन, भगवती शरण वर्मा, डॉ. रामविलास शर्मा, साहित्यकार के रूप में पूर्व विधानसभा अध्यक्ष हृदयनारायण दीक्षित की पावन धरती है। क्रांति और राष्ट्र से लेकर साहित्य की उपासना यहां की उर्वरता को प्रदर्शित करता है।

सीएम ने कहा कि जिस यूपी में कोई आना नहीं चाहता था, वहां जीबीसी में 10.50 लाख करोड़ के प्रस्ताव धरातल पर उतरते दिखे। भारत तब विकसित होगा, जब यूपी विकसित होगा और यूपी तब विकसित होगा, जब उन्नाव जैसे जनपद विकास प्रक्रिया के साथ बढ़ेंगे और उन्नाव तब विकसित होगा, जब चंद्रिका खेड़ा जैसे गांव भी विकसित होंगे।

Khabar 30 Din
Author: Khabar 30 Din

विज्ञापन
Advertisement
error: Content is protected !!