August 23, 2026 6:01 pm

छत्तीसगढ़ में स्कूल से लौटते समय नदी में बहे 3 बच्चे, मौत, बिजली गिरने से दंपती की गई जान

छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में स्कूल से घर लौट रहे 3 बच्चे घोंघा नदी के तेज बहाव की बह गए. रविवार को तीनों बच्चों के शव बरामद कर लिए गए. ग्राम समडील निवासी आशुतोष जायसवाल और विजय जायसवाल ने अपनी बेटी रिद्धी (8) और सिद्धी (8) का दाखिला गांव से 2 किलोमीटर दूर नयापारा स्थित डीपी विप्र स्कूल में कराया था.

शनिवार को दोनों बहनें स्कूल गई थीं. शाम 4 बजे छुट्टी होने पर उन्हें लेने के लिए आशुतोष का बड़ा बेटा अनमोल जायसवाल (7) साइकिल से स्कूल गया था. स्कूल से लौटते समय बच्चे पुल की जगह घोंघा नदी के रास्ते से घर लौट रहे थे. नदी के बीच पहुंचने पर अनमोल तेज बहाव में साइकिल संभाल नहीं पाया. इसके बाद साइकिल पर बैठी रिद्धी और सिद्धी समेत तीनों बच्चे पानी में बह गए.

वहीं बलरामपुर जिले के रामानुजगंज में एक युवक कन्हर नदी में एनीकट पार करते समय तेज बहाव में बह गया. यह घटना रविवार सुबह करीब 9 बजे हुई, जब एनीकट के ऊपर से पानी बह रहा था. युवक झारखंड के गोदरमाना से छत्तीसगढ़ की ओर आ रहा था. युवक की तलाश की जा रही है. इसके अलावा गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के कटरा ढपनीपानी गांव में बिजली गिरने से एक बैगा दंपती की मौत हो गई.

जानकारी के अनुसार मंगल सिंह पत्नी बिरस्पतिया बाई के साथ घर पर थे. तेज गडग़ड़ाहट और मूसलाधार बारिश के दौरान उनके मकान पर बिजली गिरी. पति-पत्नी आंगन में ही बेहोश हो गए. घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों ने 108 संजीवनी एक्सप्रेस की मदद से दंपती को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) मरवाही पहुंचाया. डॉक्टरों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया. घटना मरवाही थाना क्षेत्र की है.

Khabar 30 Din
Author: Khabar 30 Din

विज्ञापन
Advertisement
error: Content is protected !!