September 8, 2024 6:33 am

लेटेस्ट न्यूज़

लखनऊ: लंबे इंतजार के बाद हुई झमाझम बारिश

रायबरेली। लंबे इंतजार के बाद शुक्रवार शाम को झमाझम बारिश से सभी को गर्मी से राहत मिली। खेतों में पानी भरने से किसानों के चेहरे खिल गए। शहर में जलभराव से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

नाला सफाई पूरी न होने से मोहल्लों में जलभराव हो गया। सड़कों पर भी पानी भरने से आवागमन में दिक्कत रही। सरेनी में जोरदार बारिश होने से जगह-जगह जलभराव हो गया।

जिले में झमाझम बारिश न होने से लोग परेशान थे। खासकर किसानों के सामने धान की फसल को लेकर संकट खड़ा था। शुक्रवार शाम को जोरदार बारिश से हर किसी को राहत मिली। लंबे इंतजार के बाद बारिश होने से लोगों के चेहरे पर खुशी दिखी। आसपास के जिलों में बारिश हो रही है और जिले में बारिश न होने से लोगों में बड़ी मायूसी थी।

शाम में आधा घंटे तेज बारिश से जलभराव हो गया। सिविल लाइन, कहारों का अड्डा, अहिरायपुर, देवानंदपुर, सोनिया नगर, निराला नगर, फिरोजगांधी कॉलोनी, मलिकमऊ, जवाहर विहार, घंटाघर, सुपर मार्केट, कैपरगंज, बड़ी बाजार, छोटी बाजार, नया पुरवा, जिला अस्पताल रोड, कलेक्ट्रेट रोड, कचहरी रोड में जलभराव हो गया। इंदिरा नगर के कुछ हिस्सों में अमृत योजना के तहत पाइप लाइन का काम चल रहा है और वहां पर कीचड़ हो गया जिससे लोगों को घर से बाहर निकलने में परेशानी हुई। हालांकि, कई लोगों ने बारिश का आनंद भी लिया।

शुक्रवार को अधिकतम तापमान 34.2 डिग्री तथा न्यूनतम तापमान 26.2 डिग्री रहा। इंदिरा गांधी उड़ान अकादमी फुरसतगंज अमेठी के मौसम विशेषज्ञ दीतेंद्र सिंह ने बताया कि शुक्रवार को शहर और उससे जुड़े कई क्षेत्रों में तेज बारिश हुई। इससे किसानों को धान की फसल की रोपाई में मदद मिलेगी। अगले 24 घंटे में बारिश की संभावना बनी हुई है।

पेड़ गिरने से कई वाहन क्षतिग्रस्त

शहर में गोराबाजार स्थित आईटीआई के सामने बिजली गिरने से एक नीम का पेड़ धराशायी हो गया। पेड़ गिरने से सड़क की इंटरलॉकिंग भी उखड़ गई। पेड़ की चपेट में आकर कार समेत कई वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। इस घटना से डीह जाने वाला मार्ग पर आवागमन ठप हो गया। बड़े वाहनों को घूमकर जाना पड़ा। गनीमत रही कि जिस समय पेड़ गिरा, इस दौरान सड़क से कोई गुजर नहीं रहा था।

Khabar 30 Din
Author: Khabar 30 Din

Leave a Comment

Advertisement
  • AI Tools Indexer
  • Market Mystique
  • Buzz4ai