September 19, 2024 7:25 am

लेटेस्ट न्यूज़

MP-UP में 24 घंटे में 33 मौतें, ग्वालियर में आर्मी ने 300 लोगों का रेस्क्यू किया; दिल्ली-आगरा हाईवे पर 4 फीट पानी

देश के 17 राज्यों में भारी और तेज बारिश का अलर्ट है। पिछले 2 दिनों से मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश में भारी बारिश हो रही है। बारिश और बाढ़ से जुड़ी घटनाओं में दोनों प्रदेशों में कुल 33 लोगों की मौत हो चुकी है।

मध्य प्रदेश के ग्वालियर और दतिया में आर्मी तैनात मध्य प्रदेश में तेज बारिश के चलते ग्वालियर, दतिया, जबलपुर, भिंड, राजगढ़, मुरैना, टीकमगढ़ में बाढ़ जैसे हालात हैं। बारिश के चलते 24 घंटे में प्रदेश में 17 लोगों की मौत हुई। ग्वालियर और दतिया में रेस्क्यू के लिए तैनात आर्मी ने 300 लोगों को सुरक्षित जगहों पर पहुंचाया। इसके अलावा सिंध नदी खतरे के निशान से 3 मीटर ऊपर बह रही है। भिंड के 3 गांवों को भी खाली कराया गया है।

उत्तर प्रदेश के 8 जिलों में स्कूल बंद उत्तर प्रदेश में 24 घंटे में 160 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। दिल्ली-आगरा हाईवे पर 4 फीट तक पानी भर गया है। ताजमहल कैंपस में भी पानी भर गया है। फर्रुखाबाद, एटा, पीलीभीत, जालौन, आगरा, कानपुर, अलीगढ़ में 12वीं तक के स्कूलों की छुट्टी घोषित कर दी गई। प्रशासन ने बताया कि 24 घंटे में 16 लोगों की मौत हुई है।

राजस्थान में भी स्कूलों की छुट्टी उधर, राजस्थान में भी तेज बारिश के कारण कई जिलों के निचले इलाकों में पानी भरा हुआ है। भरतपुर में स्कूलों में 4 दिन छुट्टी कर दी गई है। धौलपुर में भी अगले आदेश तक स्कूल बंद रहेंगे।

दिल्ली में मकान की दीवार ढही, कई फंसे, 1 की मौत तेज बारिश के कारण सेंट्रल दिल्ली में के नबी करीम इलाके के एक घर की दीवार ढह गई। मलबे में कई लोग फंसे हुए हैं। 1 की मौत हो गई है। रेस्क्यू के लिए फायर ब्रिगेड की 3 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। फिलहाल 2 लोगों का रेस्क्यू किया कर लिया गया है। मौसम विभाग ने दिल्ली में 24 घंटे के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

उत्तराखंड में लैंडस्लाइड, केदारनाथ हाईवे बंद उत्तराखंड के चंपावत में तेज बारिश के बाद लैंडस्लाइड हुआ। पहाड़ दरकने के कारण नेशनल हाईवे-9 पर मलबा आ गया, जिसके बाद इसे बंद करना पड़ा। इसके अलावा चमोली में केदारनाथ हाईवे भी लैंडस्लाइड के कारण कई जगहों पर बंद हो गया। प्रशासन ने बताया कि सड़क से मलबा हटाने का काम जारी है। प्रदेश के कुल 150 सड़कें फिलहाल बंद हैं। केदारनाथ पैदल मार्ग पर भी भूस्खलन का खतरा है।

हिमाचल में सीजन का पहला स्नोफॉल हिमाचल प्रदेश के ट्राइबल जिले किन्नौर की ऊंची चोटियों पर गुरुवार को स्नोफॉल हुआ। बर्फबारी के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। किन्नौर के अन्य क्षेत्रों में अच्छी बारिश हुई है।

आंध्र प्रदेश के 7 जिलों में अलर्ट बाढ़ के चलते निचले इलाकों में भरा पानी अब खत्म हो रहा है। हालांकि, मौमस विभाग ने बताया कि सितंबर के खत्म होते-होते तेज बारिश का एक और दौर आ सकता है। श्रीकाकुलम समेत 7 जिलों में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। यहां 30-40 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवा भी चल सकती है।

Khabar 30 Din
Author: Khabar 30 Din

Leave a Comment

Advertisement
  • AI Tools Indexer
  • Market Mystique
  • Buzz4ai