March 21, 2026 3:05 am

पटना में खुलने जा रहा देश का पहला बाल कैंसर अस्पताल, CM नीतीश कुमार करेंगे शिलान्यास

पटना। देश में तेजी से बच्चों में कैंसर के मामले बढ़ रहे हैं। इसे देखते हुए महावीर मंदिर न्यास फुलवारीशरीफ स्थित महावीर कैंसर संस्थान से एम्स पटना जाने वाले रास्ते पर 100 बेड का महावीर बाल कैंसर अस्पताल खुलने जा रहा है। सिर्फ बच्चों में होने वाले कैंसर के उपचार को समर्पित यह अपनी तरह का देश का पहला कैंसर अस्पताल होगा। गुरुवार को मुख्यमंत्री नीतीश कुमार इसका शिलान्यास करेंगे।

मुफ्त में होगा इलाज
महावीर मंदिर न्यास के सचिव आचार्य किशोर कुणाल ने बताया कि महावीर बाल कैंसर अस्पताल में 18 वर्ष तक के कैंसर रोगियों का इलाज मुफ्त किया जाएगा। अभी महावीर कैंसर संस्थान में कैंसरग्रस्त बच्चों के उपचार के लिए अलग वार्ड हैं, लेकिन अक्सर बेड की कमी सामने आती है।

26वीं वर्षगांठ पर रखी जाएगी बाल कैंसर अस्पताल की नींव
महावीर कैंसर संस्थान में बच्चों के वार्ड का उद्घाटन तत्कालीन राष्ट्रपति एपीजे अब्दुल कलाम ने किया था। 12 दिसंबर को महावीर कैंसर संस्थान की 26वीं वर्षगांठ के मौके पर महावीर बाल कैंसर अस्पताल की नींव रखी जा रही है। 12 दिसंबर 1998 को महावीर कैंसर संस्थान का उद्घाटन दलाईलामा ने किया था।

सभी धर्मों के गुरू भी पहुंचेंगे
महावीर बाल कैंसर अस्पताल के शिलान्यास के अवसर पर सभी धर्मों के गुरु उपस्थित रहेंगे। अनुवंशिकता, गलत जीवनशैली व खराब खानपान से जीन में परिवर्तन के कारण बच्चे कैंसर की चपेट में आ रहे हैं। इनमें सबसे अधिक मामले ब्लड कैंसर व ब्रेन ट्यूमर के होते हैं।

हर साल 50 हजार से ज्यादा बच्चे हो रहे शिकार
देश में हर वर्ष 50 हजार से अधिक नए रोगी चिह्नित हो रहे हैं। बच्चों में कैंसर के अन्य कारण रेडिएशन के अत्यधिक संपर्क, पैसिव स्मोकिंग आदि भी हैं।

Khabar 30 Din
Author: Khabar 30 Din

विज्ञापन
Advertisement
error: Content is protected !!