अक्षय तृतीया पर रसपुर में वैदिक परंपरा के साथ संपन्न हुआ भव्य आयोजन, बड़ी संख्या में लोगों की रही भागीदारी

शहडोल। जनपद पंचायत ब्यौहारी के ग्राम पंचायत रसपुर में अक्षय तृतीया के पावन अवसर पर मुख्यमंत्री सामूहिक कन्या विवाह/निकाह योजना के तहत भव्य सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन उत्साह और हर्षोल्लास के साथ सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में 198 जोड़ों ने वैदिक रीति-रिवाज एवं मंत्रोच्चारण के साथ सात फेरे लेकर वैवाहिक जीवन की नई शुरुआत की। आयोजन स्थल पर पारंपरिक संस्कृति, सामाजिक एकता एवं सौहार्द की अनूठी झलक देखने को मिली। जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों द्वारा नवदंपतियों को माला पहनाकर, पुष्पवर्षा कर एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सुखमय जीवन की शुभकामनाएं दी गईं।
सामूहिक विवाह से बढ़ रही सामाजिक एकता : विधायक
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक शरद कोल ने कहा कि सामूहिक कन्या विवाह सामाजिक समरसता और सद्भाव का प्रतीक है। ऐसे आयोजन समाज में समानता, सादगी और भाईचारे को बढ़ावा देते हैं। उन्होंने कहा कि अक्षय तृतीया के शुभ अवसर पर हुआ यह आयोजन नवदंपतियों के लिए अत्यंत मंगलकारी सिद्ध होगा। उन्होंने विवाह संस्कार को भारतीय संस्कृति का महत्वपूर्ण आधार बताते हुए कहा कि सामूहिक विवाह से अनावश्यक खर्च में कमी आती है और सामाजिक सहभागिता बढ़ती है।
आदर्श विवाह की दिशा में महत्वपूर्ण कदम : जनपद अध्यक्ष
जनपद पंचायत अध्यक्ष श्रीमती आकांक्षी सिंह ने कहा कि सामूहिक कन्या विवाह योजना का उद्देश्य सादगीपूर्ण एवं आदर्श विवाह को बढ़ावा देना है। इससे आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को बड़ी राहत मिलती है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजन सामाजिक एकता को मजबूत करते हैं और दहेज जैसी कुरीतियों को समाप्त करने की दिशा में प्रभावी संदेश देते हैं।
नवदंपतियों को मिला गृहस्थ जीवन का सहारा
कार्यक्रम के दौरान नवविवाहित जोड़ों को मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत 51-51 हजार रुपये की आर्थिक सहायता के प्रतीक स्वरूप चेक तथा गृहस्थ जीवन की आवश्यक सामग्री प्रदान की गई। इस अवसर पर मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत ब्यौहारी सहित जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।








