अनूपपुर। जिले के बिजुरी थाना अंतर्गत बुधवार की देर रात एक 20 वर्षीय युवती की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का सनसनीखेज मामला सामने आया है। बताया गया है कि युवती अपने एक 17 वर्षीय नाबालिग दोस्त के साथ एक सुनसान इलाके में गई थी, जहां बदमाशों ने उन्हें अकेला पाकर युवती के साथ छेड़छाड़ की और दुष्कर्म का प्रयास किया। इस दौरान बीच-बचाव करने आए नाबालिग युवक पर आरोपियों ने जानलेवा हमला कर दिया, जिससे वह बेहोश हो गया। वारदात के बाद गंभीर हालत में युवती को अस्पताल लाया गया, जहां इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। हालांकि युवती की मौत के सटीक कारणों का खुलासा अभी नहीं हो सका है और पुलिस को पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार है।
नाबालिग दोस्त पर हमला, विरोध करने पर भागे आरोपी
प्राप्त जानकारी के मुताबिक अपराधिक प्रवृत्ति के आरोपियों ने सुनसान जगह का फायदा उठाकर वारदात को अंजाम दिया। जब युवती के साथ मौजूद नाबालिग दोस्त ने इसका विरोध किया तो आरोपियों ने उस पर बेरहमी से हमला कर दिया। हमले में घायल युवक वहीं गिर पड़ा। पुलिस ने बताया जब घायल युवक को होश आया और उसने दोबारा आरोपियों का विरोध किया तब आरोपी मौके से भाग निकले।
दो आरोपी गिरफ्तार
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस महकमा तुरंत एक्टिव हुआ। अनूपपुर पुलिस अधीक्षक विक्रांत मुराब ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपियों द्वारा युवती के साथ छेड़छाड़ और दुष्कर्म का प्रयास किया गया था। साथ ही उसके नाबालिग दोस्त के साथ भी मारपीट की गई है। अस्पताल में इलाज के दौरान युवती की मौत हुई है। पुलिस फिलहाल पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार कर रही है, जिसके बाद ही मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा। पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि यह दुष्कर्म के प्रयास और छेड़छाड़ का मामला है, सामूहिक दुष्कर्म की बात को पुलिस ने नकारा है। मामले में मुस्तैदी दिखाते हुए पुलिस ने दो मुख्य आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में सनसनी और आक्रोश का माहौल है।









