March 21, 2026 1:53 am

अमिताभ बच्चन ने अपने परिवार में लव मैरिज पर तोड़ी चुप्पी, जया और ऐश्वर्या को लेकर बताया सबको अपना धर्म, बहू को लेकर कही ये बात

अमिताभ बच्चन इन दिनों 'कौन बनेगा करोड़पति 16' में व्यस्त हैं। शो में बिग बी अक्सर कंटेस्टेंट से खुलकर बात करते हैं और जब कोई कंटेस्टेंट उनसे कोई सवाल पूछता है तो वह उसका जवाब देने से पीछे नहीं हटते। अब हालिया एपिसोड में बिग बी ने अपने परिवार में हुए लव मैरिज पर चर्चा की। एपिसोड में कंटेस्टेंट आशुतोष सिंह ने बिग बी के सामने अपनी कहानी सुनाई। उन्होंने बताया कि उन्होंने पिछले पांच सालों से अपने माता-पिता से बात नहीं की है। उन्होंने इसके पीछे की वजह का भी खुलासा किया।

कंटेस्टेंट ने बिग बी के सामने बयां किया अपना दुख

आशुतोष सिंह ने बताया कि उनके माता-पिता उनसे बात नहीं कर रहे हैं, क्योंकि उन्होंने लव मैरिज की है। इसके साथ ही आशुतोष ने यह भी बताया कि उनका परिवार नियमित रूप से कौन बनेगा करोड़पति देखता है, इसलिए वह इस शो में आए हैं। इस पर बिग बी भावुक हो गए और उन्होंने जवाब दिया- 'मुझे उम्मीद है कि आज का एपिसोड देखने के बाद आपके माता-पिता आपसे दोबारा जरूर बात करेंगे। आप उनसे वह बात कर पाएंगे, जिसके लिए आप इतने लंबे समय से तरस रहे थे।' बिग बी ने अपने घर में हुई लव मैरिज के बारे में क्या कहा?

इसके बाद अमिताभ बच्चन ने अपने परिवार में हुई लव मैरिज के बारे में बात की। अपने पूरे परिवार में हुई शादियों पर चर्चा करते हुए उन्होंने कहा- 'हम उत्तर प्रदेश से हैं, लेकिन बंगाल चले गए। (जया बच्चन बंगाली हैं)। हमारा भाई सिंधी परिवार में पहुंचा और हमारी बेटी पंजाबी परिवार में ब्याही गई.. और बिटवा (अभिषेक) के बारे में तो आप सब जानते ही हैं। बहू मैंगलोर से है। बाबूजी कहते थे कि 'हमने देश के हर कोने से सबकी शादी करवाई है।'

82 की उम्र में भी सुपर एक्टिव हैं बिग बी

अमिताभ बच्चन की इस बात ने सभी का दिल जीत लिया है। वर्क फ्रंट की बात करें तो बिग बी 82 साल के हैं और इस उम्र में भी काफी एक्टिव हैं। फिल्मों के साथ-साथ बिग बी टीवी शो 'कौन बनेगा करोड़पति' को भी होस्ट कर रहे हैं। हाल ही में अमिताभ बच्चन साल की ब्लॉकबस्टर 'कल्कि 2898: AD' में नजर आए थे, जिसमें उनकी एक्टिंग की खूब तारीफ हुई थी। इस फिल्म में प्रभास, दीपिका पादुकोण और कमल हासन जैसे सितारे अहम भूमिका में हैं।

Khabar 30 Din
Author: Khabar 30 Din

विज्ञापन
Advertisement
error: Content is protected !!