August 2, 2026 3:22 am

डर और भ्रम में फंसाकर महिला से सोने के जेवर ले उड़े ठग

कोतवाली क्षेत्र में फिर सामने आया ठगी का मामला, सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस, पहले के मामलों का भी नहीं हुआ अबतक खुलासा

शहडोल। कोतवाली थाना क्षेत्र में ठगी की फिर एक नई वारदात सामने आई है। इस बार अज्ञात ठग ने एक महिला को परिवार पर संकट आने और किसी अनहोनी का भय दिखाकर अपनी बातों में फंसा लिया। इसके बाद महिला से सोने के टप्स और अंगूठी उतरवाकर आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने बताया कि फरयादिया ऊषा वर्मा निवासी सिंहपुर रोड अपने घर पैदल जा रही थीं। इसी दौरान रास्ते में एक अज्ञात व्यक्ति उनके पास पहुंचा और बातचीत करने लगा। बातचीत के दौरान आरोपी ने महिला को डराने वाली बातें कहीं और परिवार से जुड़ी परेशानी आने की आशंका जताई। उसकी बातों में आकर महिला मानसिक रूप से भ्रमित हो गईं। इसी दौरान ठग ने महिला से उनके पहने हुए सोने के जेवर उतारने के लिए कहा। महिला ने अपने कानों के टप्स और हाथ की अंगूठी निकालकर एक सफेद कपड़े में रख दी। आरोपी ने वह कपड़ा अपने पास रख लिया और कुछ ही देर बाद वहां से निकल गया। जब महिला को ठगी का एहसास हुआ, तब तक आरोपी वहां से गायब हो चुका था। घटना की जानकारी मिलने के बाद महिला ने परिजनों को बताया और फिर कोतवाली थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगाल रही है, जिससे आरोपी की पहचान की जा सके।

पहले के मामलों का भी नहीं हुआ खुलासा

कोतवाली थाना क्षेत्र में इस तरह की घटनाएं पहले भी सामने आ चुकी हैं लेकिन कई मामलों में अब तक आरोपियों का सुराग नहीं लग पाया है। लगातार हो रही ठगी की घटनाओं को देखते हुए पुलिस ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है। पुलिस ने कहा है कि किसी भी अनजान व्यक्ति के बहकावे में न आएं और अपने जेवर या अन्य कीमती सामान किसी अपरिचित को न सौंपें। संदिग्ध गतिविधि नजर आने पर तुरंत पुलिस को सूचना दें।

विज्ञापन
Advertisement
error: Content is protected !!