March 21, 2026 5:00 pm

फडणवीस तीसरी बार मुख्यमंत्री पद की लेंगे शपथ, विधायक दल के नेता चुने गए

मुंबई। भाजपा कोर कमेटी की बैठक में देवेंद्र फडणवीस के नाम पर मुहर लग गई है। इसके बाद भाजपा विधायक दल की बैठक में पार्टी नेता चंद्रकांत पाटिल और सुधीर मुनगांटीवार ने उनके नाम का प्रस्ताव रखा। इस पर सभी विधायकों ने सर्वसम्मति से देवेंद्र फडणवीस को अपना नेता चुना।

केंद्रीय पर्यवेक्षकों की मौजूदगी में महाराष्ट्र विधानसभा भवन में विधायक दल की बैठक हुई। पांच दिसंबर को शाम पांच बजे दक्षिण मुंबई के आजाद मैदान में शपथ ग्रहण समारोह है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, कई केंद्रीय मंत्रियों और एनडीए शासित राज्यों के मुख्यमंत्री की मौजूदगी में देवेंद्र फडणवीस तीसरी बार मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे।

विधायक दल की बैठक केंद्रीय पर्यवेक्षक निर्मला सीतारमण और गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रूपाणी की मौजूदगी में हुई। बैठक के बाद विजय रूपाणी ने कहा कि सभी विधायकों ने सर्वसम्मति से देवेंद्र फडणवीस के नाम पर मुहर लगाई है। इसके बाद उन्होंने फडणवीस को विधायक दल का नेता घोषित किया। आशीष शेलार महाराष्ट्र भाजपा के मुख्य सचेतक होंगे। उधर, नागपुर में भाजपा नेता देवेंद्र फडणवीस के आवास के बाहर जश्न का माहौल है।

कोर कमेटी की बैठक में महाराष्ट्र भाजपा अध्यक्ष चंद्रशेखर बावनकुले ने कहा कि देवेंद्र फडणवीस के नेतृत्व में पार्टी को जीत मिली है। सभी ने साथ मिलकर चुनाव लड़ा। जनता ने खुलकर वोट दिया। उधर, नेता चुने जाने के बाद देवेंद्र फडणवीस ने सभी का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि महायुति को जनता ने ऐतिहासिक जनादेश दिया है। हम महाराष्ट्र को आगे ले जाने को प्रतिबद्ध हैं। पीएम मोदी ने मुझ जैसे छोटे कार्यकर्ता पर भरोसा जताया है।

गुरुवार को देवेंद्र फडणवीस तीसरी बार मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। पहली बार 2014 में देवेंद्र मुख्यमंत्री बने थे। उन्होंने पांच साल अपना कार्यकाल पूरा किया। हालांकि 2019 में वे महज 80 घंटे ही सीएम की कुर्सी पर रहे। इसके बाद फडणवीस एकनाथ शिंदे की सरकार में डिप्टी सीएम की भूमिका भी निभा चुके हैं।

महाराष्ट्र विधानसभा चुनाव में महायुति गठबंधन को प्रचंड बहुमत मिला। सबसे अधिक 132 सीटों पर भाजपा ने जीत दर्ज की। 57 सीटों पर एकनाथ शिंदे की पार्टी शिवसेना के प्रत्याशी जीते। अजित पवार की राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (एनसीपी) 41 सीटों पर चुनाव जीतने में कामयाब हुई। महायुति गठबंधन कुल मिलाकर 236 सीटों पर जीत दर्ज की है। भाजपा को पांच निर्दलीय विधायकों का समर्थन भी मिला है।

Khabar 30 Din
Author: Khabar 30 Din

विज्ञापन
Advertisement
error: Content is protected !!