March 21, 2026 11:55 pm

 बरातियों से भरी कार पुलिया से टकराई, दूल्हे के दो दोस्तों की मौत, पांच घायल

महोबा । झांसी-मिर्जापुर हाईवे पर सुगिरा गांव के पास भीषण सड़क हादसा हुआ। तेज रफ्तार कार पुलिया के डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में दूल्हे के दो दोस्तों की मौत हो गई जबकि पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। जिन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जानकारी के मुताबिक झांसी जनपद के मऊरानीपुर कस्बा के मोहल्ला पावर हाउस निवासी पन्नालाल साहू के बेटे राजेश साहू की बरात महोबा के कुलपहाड़ कस्बा आ रही थी।
बरात में दूल्हा राजेश के दोस्त कार से आ रहे थे। तभी कार तेज रफ्तार होने के चलते सुगिरा गांव में पुलिया के डिवाइडर से टकराकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसा इतना भीषण था कि कार के परखच्चे उड़ गए। हादसा होते देख अन्य बाराती मदद के लिए पहुंचे तो वहीं स्थानीय लोग भी चीख-पुकार सुन कार में फंसे घायलों को निकालने में जुट गए। सूचना मिलते ही एसडीएम, सीओ और कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंच गई। कार के अंदर फंसे घायलों को बाहर निकाला गया। हादसे में कार सवार मऊरानीपुर निवासी 20 वर्षीय अंश पटेल और घुटई गांव निवासी मनीष पटेल (28) की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई जबकि 21 वर्षीय प्रदीप पटेल, 18 वर्षीय मुकेश पटेल, विपिन पटेल, कोटरा निवासी 22 वर्षीय योगेंद्र व समारा बंगरा निवासी 19 वर्षीय प्रिंस पटेल घायल हुए हैं। जिन्हें इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। जिसमें विपिन की हालत गंभीर होने पर झांसी रेफर किया गया। 

Khabar 30 Din
Author: Khabar 30 Din

विज्ञापन
Advertisement
error: Content is protected !!