March 21, 2026 2:00 am

पुष्पा-2 की टिकट को लेकर उन्नाव में हंगामा, हंगामा कर रहे युवकों को पुलिस ने खदेड़ा

उन्नाव: गंगाघाट कोतवाली क्षेत्र के राजधानी मार्ग स्थित सरस्वती टॉकीज में शाम के शो में फिल्म "पुष्पा-2" देखने पहुंचे कुछ युवक पहले टिकट लेने की बात पर भिड़ गए। बात बढ़ने पर हंगामा शुरू कर दिया। टॉकीज के कर्मचारियों की सूचना पर पहुंचे पीआरबी सिपाहियों ने समझाबुझाकर लोगों को शांत कराने का प्रयास किया। हंगामा कर रहे लोगों ने सिपाहियों के साथ धक्कामुक्की की। इसकी जानकारी मिलने पर मौके पर पहुंची कोतवाली पुलिस ने लाठी फटकार कर हंगामा कर रहे लोगों को खदेड़ा। हंगामा करने वालों की पहचान के लिए पुलिस टॉकीज में लगे CCTV के फुटेज खंगाल रही है।

रविवार की शाम 6 से 9 बजे वाले शो का टिकट लेने के लिए खिड़की पर काफी भीड़ लगी थी। इसी बीच टिकट बुकिंग काउंटर पर पहले टिकट लेने को लेकर कुछ युवकों में भिड़ंत हो गई। कहासुनी के बाद बात बढ़ने पर हंगामा करने लगे और मारपीट पर आमादा हो गए। माहौल बिगड़ता देखकर टॉकीज के कर्मचारियों ने 112 नंबर पर पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी। इस पर पीआबी के दो सिपाही मौके पर पहुंचे। हंगामा करने वालों ने उनके साथ धक्कामुक्की शुरू कर दी।

इसकी जानकारी मिलने पर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक ने फोर्स के साथ पहुंचकर लाठियां फटकारते हुए हंगामा कर रहे लोगों को खदेड़ा। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि टॉकीज परिसर में हंगामा और तोड़फोड़ का प्रयास कुछ युवक कर रहे थे। पुलिस पहुंची तो उनसे भी धक्कामुक्की की गई। तहरीर मिलने पर हंगामा और मारपीट करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएंगी। टॉकीज में लगे CCTV कैमरे से हंगामा करने वालों की पहचान की जा रही है।

Khabar 30 Din
Author: Khabar 30 Din

विज्ञापन
Advertisement
error: Content is protected !!