March 21, 2026 4:39 am

भूपेश बघेल की चौथी हार पर कांग्रेसी नेताओं की नाराजगी, भाजपा ने कांग्रेस नेतृत्व पर साधा निशाना

रायपुर। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश प्रवक्ता अनुराग सिंहदेव ने छत्तीसगढ़ कांग्रेस की अंदरूनी कलह और भूपेश बघेल की लगातार चौथी हार को लेकर कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि अब केवल पार्टी कार्यकर्ता ही नहीं, बल्कि कांग्रेस के नेता भी खुलकर अपने नेतृत्व की नीतियों पर सवाल उठा रहे हैं। सिंहदेव ने नगरीय निकाय और त्रि-स्तरीय पंचायत चुनावों के मद्देनजर कांग्रेस में मचे घमासान पर कटाक्ष करते हुए कहा, जब आगाज ऐसा है, तो अंजाम क्या होगा? अम्बिकापुर में निकाय चुनाव की तैयारियों पर चर्चा के लिए आयोजित कांग्रेस की बैठक में कार्यकर्ताओं के बीच तू-तू मैं-मैं और आरोप-प्रत्यारोप का दौर चला। भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि इस बैठक में कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने न केवल एक दूसरे पर आरोप लगाए, बल्कि कांग्रेस की पिछली सरकार की नीतियों को लेकर भी गंभीर सवाल उठाए। 

कांग्रेस के कार्यकर्ता हर कदम पर उपेक्षित महसूस कर रहे 
अम्बिकापुर नगर निगम के सभापति अजय अग्रवाल ने कड़ी आलोचना करते हुए कहा कि कांग्रेस सरकार के दौरान अम्बिकापुर नगर निगम को न्यूनतम पैसा मिला और पार्टी नेतृत्व पर आरोप लगाते हुए उन्होंने कोयला घोटाले के समय कांग्रेस के प्रभारी की चुप्पी पर भी सवाल खड़ा किया। सिंहदेव ने आरोप लगाया कि कांग्रेस के कार्यकर्ता हर कदम पर उपेक्षित महसूस कर रहे हैं, जिसकी वजह से पार्टी लगातार चुनावों में हार का सामना कर रही है। उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस के नेताओं ने कभी कार्यकर्ताओं की समस्याओं को गंभीरता से नहीं लिया। इसके अलावा, हाल ही में बिलासपुर में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज की मौजूदगी में हुए हाथापाई को लेकर भी भाजपा ने कांग्रेस पर निशाना साधा। सिंहदेव ने सवाल उठाया कि जिस पार्टी में आंतरिक कलह और घमासान मचा हुआ है, वह नगरीय निकाय चुनावों में कैसे अच्छा प्रदर्शन कर सकती है?

Khabar 30 Din
Author: Khabar 30 Din

विज्ञापन
Advertisement
error: Content is protected !!