August 26, 2026 10:30 am

दो दिवसीय जिला स्तरीय पुस्तक मेले का हुआ शुभारंभ, विद्यार्थियों व अभिभावकों में दिखा उत्साह

शहडोल। शैक्षणिक सत्र 2026-27 की तैयारियों के तहत कलेक्टर डॉ. केदार सिंह के मार्गदर्शन में जिला मुख्यालय में दो दिवसीय जिला स्तरीय पुस्तक मेले का आयोजन किया गया है। शासकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज पाण्डवनगर परिसर में आयोजित इस मेले की व्यवस्थाओं का निरीक्षण जिला शिक्षा अधिकारी आरके मंगलानी द्वारा किया गया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न निजी विक्रेताओं द्वारा लगाए गए स्टॉलों का जायजा लिया। पुस्तक मेले में विद्यार्थियों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए पाठ्यपुस्तकें, कॉपियां, पेन, स्कूली ड्रेस सहित अन्य शैक्षणिक सामग्री किफायती दरों पर उपलब्ध कराई जा रही है। मेले में बड़ी संख्या में अभिभावक एवं विद्यार्थी पहुंचकर आवश्यक सामग्री का क्रय कर रहे हैं, जिससे परिसर में उत्साहपूर्ण माहौल देखने को मिला। जिला शिक्षा अधिकारी आरके मंगलानी ने बताया कि इस प्रकार के आयोजनों से अभिभावकों को एक ही स्थान पर गुणवत्तापूर्ण सामग्री उचित दरों पर उपलब्ध हो जाती है, जिससे समय और धन दोनों की बचत होती है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि मेले में आने वाले सभी लोगों को किसी प्रकार की असुविधा न हो तथा व्यवस्थाएं सुचारू रूप से संचालित रहें। उल्लेखनीय है कि मध्यप्रदेश शासन के निर्देशानुसार यह पुस्तक मेला 20 अप्रैल तक आयोजित किया जा रहा है, जिसका समय प्रातः 10 बजे से शाम 6 बजे तक निर्धारित है। मेले के माध्यम से विद्यार्थियों को शैक्षणिक सत्र प्रारंभ होने से पूर्व ही आवश्यक सामग्री उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है ताकि उनकी पढ़ाई निर्बाध रूप से संचालित हो सके। यह पुस्तक मेला शिक्षा को प्रोत्साहित करने तथा विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक संसाधन उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में देखा जा रहा है।

विज्ञापन
Advertisement
error: Content is protected !!