शहडोल। जिले में अवैध लकड़ी के कारोबार के खिलाफ वन विभाग ने एक बार फिर सख्ती दिखाते हुए एक ही दिन में दो बड़ी कार्रवाइयों को अंजाम दिया। इन कार्रवाइयों में एक ओर आवासीय परिसर में चल रही अवैध फर्नीचर निर्माण इकाई का भंडाफोड़ हुआ, तो दूसरी ओर बिना अनुमति के लकड़ी ले जा रहे पिकअप वाहन को पकड़कर जब्त किया गया।बमुख्य वन संरक्षक वन वृत्त शहडोल अनुपम सहाय के निर्देशन में दक्षिण वन मंडलाधिकारी श्रद्धा पन्द्रे के नेतृत्व में उप वन मंडलाधिकारी जैतपुर विनोद जाखड़ के मार्गदर्शन में यह संयुक्त कार्रवाई की गई।
घर से भारी मात्रा में फर्नीचर और औजार जब्त
बुढ़ार वन परिक्षेत्र में की गई पहली कार्रवाई के दौरान सीताराम उर्फ सुरेश चौधरी के घर की तलाशी ली गई। जांच में सामने आया कि वहां अवैध रूप से फर्नीचर निर्माण किया जा रहा था। मौके से बबूल और खम्हेर लकड़ी से तैयार दरवाजे, सोफा सेट सहित विभिन्न आकार के कुल 274 नग चिरान बरामद किए गए, जिनका कुल आयतन लगभग 1.061 घन मीटर बताया गया है। इसके साथ ही फर्नीचर बनाने में प्रयुक्त 29 प्रकार के औजार और मशीनें भी जब्त की गईं। इस मामले में वन अधिनियम के तहत अपराध दर्ज किया गया है।
दस्तावेज विहीन लकड़ी परिवहन पर कार्रवाई
दूसरी कार्रवाई जैतपुर वन परिक्षेत्र अंतर्गत ग्राम मौहार टोला नगपुरा मार्ग पर की गई। वन अमले ने संदिग्ध पिकअप वाहन क्रमांक एमपी 18 जीए 5083 को रोककर जांच की, जिसमें करीब 3 घन मीटर नीलगिरी लकड़ी लदी पाई गई। वाहन चालक जुगेन्द्र यादव लकड़ी के परिवहन से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। मध्य प्रदेश अभिवहन वनोपज नियम 2022 के उल्लंघन पर वाहन सहित लकड़ी को जब्त कर वन अपराध दर्ज किया गया।








