February 1, 2026 4:10 pm

पांच माह में दूसरी चोरी, नगर परिषद में बढ़ती वारदातों से कटघरे में प्रशासन, अंदरूनी नेटवर्क की जांच हुई तेज

शहडोल। भ्रष्टाचार रोकने के तमाम दावों के बीच नगर परिषद जयसिंहनगर में हुई चोरी की घटना ने प्रशासनिक व्यवस्था और सुरक्षा इंतजामों की पोल खोलकर रख दी है। इस वारदात ने न केवल सरकारी संपत्ति की सुरक्षा पर सवाल खड़े किए हैं, बल्कि कर्मचारियों की संभावित अंदरूनी मिलीभगत की आशंका भी पैदा कर दी है। जानकारी के अनुसार भंडार शाखा प्रभारी सुनीता बैगा 2 दिसंबर को पाइपलाइन मरम्मत के लिए सामग्री लेने जलप्रदाय शाखा के कक्ष पहुंचीं। वहां उन्होंने देखा कि कमरे का ताला टूटा हुआ है और आवश्यक सामग्री गायब है। इसकी सूचना तत्काल मुख्य नगरपालिका अधिकारी को दी गई।

थाने में दर्ज कराई गई शिकायत
मामले को गंभीरता से लेते हुए सीएमओ ने जयसिंहनगर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई। अज्ञात चोरों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। कार्यालय परिसर में हुई इस चोरी ने यह संकेत भी दिए हैं कि घटना में कहीं न कहीं लापरवाही या आंतरिक मिलीभगत हो सकती है।

छुट्टी का फायदा उठाकर दिया वारदात को अंजाम
बताया जा रहा है कि चोरी छुट्टी के दिन हुई, जब कार्यालय बंद रहता है और निगरानी कम होती है। अगले दिन कर्मचारियों के पहुंचने पर टूटे ताले और गायब सामग्री की जानकारी सामने आई, जिसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।

स्थानीय बाजार में खपाने की आशंका
सूत्रों के मुताबिक पिछले बार चोरी की गई सामग्री को एक कर्मचारी के घर से बरामद किया गया था। वहीं पुलिस ने जब इसकी पड़ताल की तो कई तथ्य चौकाने वाले सामने आए। पुलिस ने इस पहलू को भी ध्यान में रखते हुए जांच तेज कर दी है। अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों का मानना है कि यदि पूरे नेटवर्क का खुलासा हुआ, तो कई नामचीन नेता सामने आ सकते हैं।

पांच माह में दूसरी बड़ी घटना
नगर परिषद में चोरी की यह कोई पहली घटना नहीं है। इससे पहले जुलाई माह में भी छुट्टी के दिन दो दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों द्वारा हैंडपंप की लिंक रॉड चोरी करने का प्रयास किया गया था। सतर्क कर्मचारियों ने दोनों को पकड़ लिया था, लेकिन उस मामले में भी कोई ठोस कार्रवाई नहीं हो सकी।

मास्टरमाइंड की तलाश जारी
विशेषज्ञों का कहना है कि इतनी बड़ी चोरी बिना किसी संरक्षण के संभव नहीं है। पूर्व की घटना में कर्मचारियों ने थाना प्रभारी के सामने एक पार्षद का नाम भी लिया था, जिससे पूरे मामले को लेकर संदेह और गहरा गया है।

प्रशासन का पक्ष
इस संबंध में थाना प्रभारी अजय बैगा ने बताया कि शिकायत प्राप्त हुई है और मामले की जांच की जा रही है। जल्द ही पूरे घटनाक्रम का खुलासा किया जाएगा।

विज्ञापन
Advertisement
error: Content is protected !!