सूचना के बावजूद देर से नहीं पहुंची पुलिस, प्रशासनिक दावों पर उठे सवाल
शहडोल। गणतंत्र दिवस जैसे राष्ट्रीय पर्व की पूर्व संध्या पर शहर के सबसे व्यस्त इंदिरा चौक में कानून-व्यवस्था को खुलेआम चुनौती देने का मामला सामने आया है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार वासू नामक व्यक्ति अपने कुछ साथियों के साथ सार्वजनिक स्थान पर खुलेआम शराब का सेवन कर रहा था और राहगीरों से अभद्र व्यवहार कर रहा था।
सूचना के बाद भी समय पर नहीं पहुंची पुलिस
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई लेकिन इसके बावजूद काफी देर तक पुलिस मौके पर नहीं पहुंची। इस दौरान आरोपितों के हौसले बढ़ते गए और स्थिति और अधिक बिगड़ती चली गई, जिससे कुछ समय के लिए चौराहे पर गहमा गहमी का माहौल बन गया।
प्रशासनिक कार्यप्रणाली पर खड़े हुए सवाल
राष्ट्रीय पर्व के दिन सार्वजनिक स्थल पर इस प्रकार की घटना और पुलिस की कथित देरी ने प्रशासनिक तैयारियों एवं सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई की जाती, तो हालात बिगड़ने से रोके जा सकते थे।
समय रहते कार्रवाई न होने से बड़ी घटना की आशंका
जानकारों का मानना है कि राष्ट्रीय पर्व के दौरान इस तरह की लापरवाही गंभीर परिणाम ला सकती है। कोतवाली थाना क्षेत्र में चोरी, स्नैचिंग और अन्य आपराधिक घटनाएं पहले से ही चिंता का विषय बनी हुई हैं। ऐसे में पर्व के दिन असामाजिक तत्वों द्वारा खुलेआम उत्पात मचाना और पुलिस की अनुपस्थिति कहीं न कहीं अपराधियों के हौसले बढ़ाने वाली मानी जा रही है। स्थानीय नागरिकों ने आशंका जताई है कि यदि इसी प्रकार पुलिस की सक्रियता में कमी रही, तो भविष्य में कोई बड़ी अप्रिय घटना भी घट सकती है। उन्होंने दोषियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई और सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने की मांग की है।
इनका कहना है
सुबह संबंधित अधिकारियों से शिकायत करने को कहा गया है, कार्रवाई की जाएगी।
सुरेश अहिरवार, नाइट गश्त प्रभारी, कोतवाली
जानकारी आपके माध्यम से प्राप्त हुई है, मामले को दिखवाया जा रहा है।
अभिषेक दीवान, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक:







