February 1, 2026 4:09 pm

तीन तिकड़ी, तीन गांव और थाने की चुप्पी!

सोहागपुर थाना क्षेत्र में खुलेआम जुआ, कार्रवाई केवल कागज़ों में सीमित

शहडोल। जिला मुख्यालय के सोहागपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत जमुई, अंडहाई और कंचनपुर गांव इन दिनों अवैध जुएं के गढ़ बनते जा रहे हैं। सूत्रों की मानें तो यहां पुलिस की कथित मिलीभगत से बावन परी नामक जुआं खेला जा रहा है, जिसमें प्रतिदिन लाखों रुपये का दांव लगाया जा रहा है। इस पूरे खेल में रजनी, लाला और भूत नामक तीन लोगों की तिकड़ी की सक्रिय भूमिका बताई जा रही है।

पुलिस की छाया में चल रहा खेल

स्थानीय सूत्रों का कहना है कि जुआं फड़ लंबे समय से संचालित हो रहा है लेकिन सोहागपुर पुलिस द्वारा अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई। यही कारण है कि पुलिस की भूमिका पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। बताया जा रहा है कि जुआं खेलने वालों की आवाजाही दिन-रात बनी रहती है फिर भी थाना स्तर पर कार्रवाई का अभाव है।

पहले हो चुकी है कार्रवाई, फिर भी जारी कारोबार

गौरतलब है कि हाल ही में सिंहपुर पुलिस और उमरिया जिले की घुनघुटी पुलिस ने इसी जुआं फड़ पर कार्रवाई कर कई जुआरियों को पकड़ा था। इसके बावजूद सोहागपुर थाना क्षेत्र में जुआं दोबारा उसी रफ्तार से शुरू हो जाना स्थानीय प्रशासन की कार्यप्रणाली पर प्रश्नचिन्ह लगाता है।

युवाओं पर पड़ रहा बुरा असर

अवैध जुएं के इस कारोबार से क्षेत्र के युवा तेजी से इसकी गिरफ्त में आ रहे हैं। कई परिवार आर्थिक और सामाजिक संकट से जूझने को मजबूर हो रहे हैं लेकिन जिम्मेदार अधिकारी आंख मूंदे बैठे नजर आ रहे हैं।

प्रशासन की चुप्पी, जनता में आक्रोश

स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि समय रहते इस पर सख्त कार्रवाई नहीं हुई तो हालात और गंभीर हो सकते हैं। जनता अब उच्च अधिकारियों से निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग कर रही है।

विज्ञापन
Advertisement
error: Content is protected !!