प्रकृति पथ भ्रमण कर बच्चों को दी गई जैव विविधता की जानकारी
प्रतीक मिश्रा
शहडोल। जिले के उत्तर वन मंडल अंतर्गत वन परिक्षेत्र अमझोर के बीट सीधी पीएफ 456 रजवा पड़ाव तेंदूडोल में अनुभूति कार्यक्रम का आयोजन उत्साहपूर्वक किया गया। इस कार्यक्रम में शासकीय कन्या पूर्व माध्यमिक विद्यालय अमझोर एवं शासकीय बालक पूर्व माध्यमिक विद्यालय अमझोर के कुल 126 छात्र-छात्राओं तथा 8 अध्यापकों ने सहभागिता की। कार्यक्रम की शुरुआत विद्यार्थियों को अनुभूति किट, टोपी, बुकलेट डायरी, पेन एवं अनुभूति बैग के वितरण के साथ हुई। इसके पश्चात सभी विद्यार्थियों को स्वल्पाहार कराया गया। कार्यक्रम के दौरान अनुभूति वर्ष 2025-26 की नई थीम “हम हैं धरती के दूत” के बारे में जानकारी दी गई। बच्चों ने “हम हैं धरती के दूत, हम हैं बदलाव, मैं भी बाघ” जैसे प्रेरक गीतों का सामूहिक गायन किया। कार्यक्रम में ईको पर्यटन, सर्पों की उपयोगिता, संरक्षित क्षेत्रों का महत्व तथा जैव विविधता संरक्षण जैसे विषयों पर रोचक एवं ज्ञानवर्धक जानकारी दी गई। इसके बाद विद्यार्थियों को प्रकृति पथ भ्रमण कराया गया, जहां उन्हें विभिन्न पेड़-पौधों, जीव-जंतुओं और औषधीय जड़ी-बूटियों के बारे में बताया गया तथा पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया गया। कार्यक्रम के अंतर्गत बहुविकल्पीय प्रश्नोत्तरी का आयोजन किया गया, जिसमें प्रथम तीन स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का समापन पर्यावरण संरक्षण की शपथ एवं राष्ट्रगान के साथ किया गया। इस अवसर पर एसडीएम जयसिंहनगर सुश्री कजोल सिंह, ग्राम पंचायत भर्री के सरपंच एवं पंचगण, वन सुरक्षा समिति के अध्यक्ष व सदस्य विशेष रूप से उपस्थित रहे। आयोजन में वन परिक्षेत्र अमझोर का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा और कार्यक्रम को सफल बनाने में सक्रिय भूमिका निभाया।







